राजस्थान: भरतपुर में बोलेरो पिकअप ने 11 साल के अंशुमन को रौंदा

राजस्थान के भरतपुर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में गुरुवार (11 दिसंबर) एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया. बोलेरो पिकअप गाड़ी ने एक 11 वर्षीय मासूम बच्चे अंशुमन को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर इकट्ठे हो गए और आक्रोश की लहर फैल गई. इसी गुस्से में भीड़ ने हादसे को अंजाम देने वाली गाड़ी में आग लगा दी. जानकारी के अनुसार यह वाहन विद्युत विभाग की अधिकृत निजी कंपनी बीईएसएल की थी.

सड़क दुर्घटना में बच्चे की मौके पर मौत
सूचना के अनुसार, गोविंद नगर निवासी ओमेंद्र की पत्नी राखी अपने बेटे अंशुमन और बेटी के साथ रोज की तरह ट्यूशन से घर लौट रही थीं. परिवार मडरपुर रोड पर पहुंचा ही था कि अचानक तेज रफ्तार से आ रही बीईएसएल की बोलेरो ने अंशुमन को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा सड़क पर ही गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

घटना के दौरान आरोपी चालक मौके से फरार
हादसे के बाद बोलेरो चालक वहां से फरार हो गया. चालक का फरार होना लोगों के गुस्से को और बढ़ा गया. देखते ही देखते भारी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर जमा हो गए और गाड़ी में आग लगा दी. आग इतनी तेजी से भड़की कि देखते ही गाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई. इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ.

घटना की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मथुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने गाड़ी में लगी आग बुझवाने की कोशिश की और भीड़ को समझाकर शांत कराया. इसके बाद अंशुमन के शव को उठाकर जिला अस्पताल मोर्चरी में रखवाया गया. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही गाड़ी चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा. बीईएसएल कंपनी से भी हादसे से जुड़ी जानकारी मांगी जा रही है और चालक की तैनाती व ड्यूटी से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है.

इस सड़क पर पहले भी हो चुके है हादसे
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस रोड पर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं. लोगों ने प्रशासन से सड़क पर स्पीड कंट्रोल उपाय, स्पीड ब्रेकर और निगरानी बढ़ाने की मांग की है. अंशुमन की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है.