राजस्थान ड्रग कंट्रोल विभाग का बड़ा एक्शन, 4 दवाओं के बैच अमानक घोषित

जयपुर: राजस्थान के ड्रग कंट्रोल डिपार्टमेंट ने दवा गुणवत्ता जांच अभियान के बाद चार दवाओं के अलग-अलग बैच को अमानक (Not of Standard Quality) घोषित करते हुए अलर्ट जारी किया है. विभाग ने संबंधित बैच की बिक्री और वितरण पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है.

ड्रग कंट्रोलर फर्स्ट अजय फाटक और ड्रग कंट्रोलर सेकंड मनोज धीर द्वारा जारी आदेश में बताया गया कि पिछले पखवाड़े के दौरान लिए गए सैंपलों की लैब जांच में ये दवाएं निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरीं. जांच में संबंधित दवाएं इन दवाओं के कुछ बैच गुणवत्ता मानकों में फेल पाए गए हैं, जिसके बाद विभाग ने एहतियाती कदम उठाए हैं.

अधिकारियों को दिए गए निर्देश:

सभी औषधि नियंत्रकों को अपने-अपने क्षेत्रों में संबंधित बैच की बिक्री और वितरण पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.
संबंधित दवा कंपनी के अन्य बैचों के नमूने भी लेकर उनकी गुणवत्ता जांच कराने को कहा गया है.
मेडिकल स्टोर्स, अस्पतालों और थोक विक्रेताओं को इन बैचों की बिक्री रोकने के निर्देश जारी किए गए हैं.
मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: ड्रग कंट्रोल डिपार्टमेंट ने स्पष्ट किया है कि दवा गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. विभाग ने आमजन और स्वास्थ्य संस्थानों से भी अपील की है कि संदिग्ध बैच मिलने पर तुरंत संबंधित औषधि नियंत्रण अधिकारी को सूचित करें. राज्य में दवा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा नियमित सैंपलिंग और जांच अभियान जारी है, ताकि अमानक दवाओं की बिक्री को रोका जा सके और मरीजों को सुरक्षित एवं प्रभावी उपचार मिल सके.