Rajasthan News: शिक्षा विभाग ने राज्य स्तरीय समान परीक्षा योजना के तहत कक्षा 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है. विभाग के अनुसार, दोनों कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं 7 मार्च से शुरू होकर 19 मार्च तक आयोजित की जाएंगी.
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी किए जाने के बाद माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने 9वीं और 11वीं कक्षा के परीक्षा कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया है. विभागीय निर्देशों के अनुसार, परीक्षाएं दो पारियों में आयोजित होंगी.
पहली पारी सुबह 8.30 बजे से 11.45 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 1 बजे से 4.15 बजे तक निर्धारित की गई है. टाइम टेबल के अनुसार, कक्षा 9वीं के सभी विषयों की परीक्षाएं केवल दूसरी पारी में आयोजित की जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों को समय प्रबंधन में सुविधा मिल सकें.
वहीं, कक्षा 11वीं की परीक्षाएं दोनों पारियों में होंगी. खास बात यह है कि 11वीं कक्षा की प्रथम पारी में आयोजित होने वाले विषयों की परीक्षाएं 14 मार्च से 19 मार्च के बीच रखी गई हैं. कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 12 फरवरी से 11 मार्च तक आयोजित की जाएंगी, जिसके चलते परीक्षा व्यवस्था को लेकर विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं.
प्रश्न पत्रों के वितरण, गोपनीयता और सुरक्षा से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए है. शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों को परीक्षा संचालन के दौरान निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं.
11वीं कक्षा के जीवन कौशल विषय की 40 अंकों की लिखित परीक्षा स्कूल स्तर पर होगी, जबकि 30 अंक सतत मूल्यांकन और 30 अंक प्रोजेक्ट के होंगे. वहीं, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू होगी और 10 मार्च को खत्म होगी. इसके बाद 1 अप्रैल से नया सत्र शुरू होगा.
बता दें कि राजस्थान का शिक्षा विभाग प्रदेश में स्कूली शिक्षा के प्रबंधन, नीतियों के क्रियान्वयन और गुणवत्ता नियंत्रण के लिए जिम्मेदार है, जिसमें प्रारंभिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, और उच्च शिक्षा शामिल हैं. यह शिक्षा पोर्टल, राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE), और समग्र शिक्षा अभियान जैसी संस्थाओं के माध्यम से काम करता है, जिसका लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शिक्षकों की भर्ती (जैसे REET) और परीक्षाएँ (10वीं/12वीं) आयोजित करना है.