जयपुर. दीपावली से पहले राज्य सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ा तोहफ़ा दिया है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि को मंजूरी दी है. इसके बाद अब महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़कर 58 प्रतिशत हो गया है. इस फैसले से लगभग 12 लाख 40 हजार कार्मिक और पेंशनर्स लाभान्वित होंगे.
मुख्यमंत्री ने यह बढ़ोतरी वित्त विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी देने के बाद की. इसे 1 जुलाई 2025 से लागू किया गया है. अब सातवें वेतनमान के अंतर्गत राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को महंगाई भत्ता या महंगाई राहत 58 प्रतिशत के हिसाब से मिलेगा. पंचायत समिति और जिला परिषद के कर्मचारियों को भी इस बढ़ोतरी का फायदा मिलेगा.
भुगतान की प्रक्रिया
सरकार ने कर्मचारियों के लिए व्यवस्था की है कि अक्टूबर 2025 के वेतन के साथ बढ़ा हुआ नकद भुगतान किया जाएगा. वहीं, 1 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक की तीन माह की राशि संबंधित कर्मचारियों के सामान्य प्रावधान निधि (जीपीएफ) खाते में जमा कर दी जाएगी. पेंशनर्स को भी इसी अवधि का महंगाई राहत का भुगतान किया जाएगा.
1230 करोड़ का अतिरिक्त वित्तीय भार
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस निर्णय से राज्य सरकार पर लगभग 1230 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वार्षिक वित्तीय भार आएगा. यह बढ़ोतरी केंद्र सरकार द्वारा केन्द्रीय कर्मचारियों के डीए बढ़ाने के बाद तुरंत राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स के हित में उठाया गया कदम है.
कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए तोहफ़ा
सरकार का यह कदम कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए दीपावली का बड़ा तोहफ़ा माना जा रहा है. इसके जरिए कर्मचारियों और पेंशनर्स की आमदनी में बढ़ोतरी होगी और महंगाई से निपटने में मदद मिलेगी. वित्तीय वर्ष के इस समय लिया गया यह संवेदनशील निर्णय कर्मचारियों और पेंशनर्स के बीच खुशी का कारण बना है.