पंचायत के साथ रेवाड़ी पहुंचे राजस्थान के MLA ललित यादव:विवाहिता की मौत का मामला

रेवाड़ी। रेवाड़ी शहर में वीरवार को राजस्थान मुंडावर के कांग्रेस विधायक ललित यादव पंचायत के साथ बावल थाना पहुंचे। राजस्थान से पंचायत ने नीतू की मौत के मामले में बावल पुलिस की कार्रवाई पर अपनी नाराजगी जताई। पंचायत ने पुलिस को सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक धरने पर बैठने की चेतावनी दी।

बावल थाना प्रभारी ने विधायक की मौजूदगी में नीतू के परिवार की सभी बातों को शिकायत में शामिल करने और रविवार तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

परिवार ने लगाया था दहेज हत्या का आरोप

राजस्थान के रेणागेर की नीतू 15 अप्रैल को अपनी ससुराल में फांसी के फंदे पर लटकती मिली थी। मृतका के भाई मनोज ने पांच लाख रुपए की डिमांड पूरी नहीं होने पर पति राकेश, जेठ मुकेश और जेठानी पारिता पर हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने भाई की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया था।

भाई बोला- अभी तक गिरफ्तारी नहीं

बावल थाने पहुंचे मृतका के भाई ने कहा कि पुलिस हत्या के केस को सुसाइड मानकर चल रही है। पांच लाख रुपए की डिमांड पूरी नहीं होने पर हत्या कर उसकी बहन को फांसी पर लटकाया था। पोस्टमार्टम के समय पुलिस को दी शिकायत में भी यही आरोप लगाए थे। पुलिस ने भी तक एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है।

डेढ़ साल की बेटी

बता दें कि गांव रेणागेर की MSC पास नीतू की शादी 8 दिसंबर 2023 को आईटीआई पास किशनपुरा के राकेश के साथ हुई थी। दोनों की एक डेढ़ साल की बेटी है। ट्रक ड्राइवर नीतू के पिता ने शादी के समय अपनी बेटी को लोन पर लेकर स्विफ्ट कार दहेज में दी थी। परिवार का आरोप है कि शादी के एक माह बाद जेठानी पारिता, जेठ मुकेश के साथ मिलकर राकेश ने दहेज की मांग को लेकर नीतू को परेशान करना शुरू कर दिया था।

पिता ने ससुरालियों की इस मांग को ठुकरा दिया था। इस साल की शुरूआत में फिर से पांच लाख रुपए की मांग की, जो पूरी नहीं होने पर नीतू की मौत से करीब दो माह पहले राकेश अपनी ससुराल से ट्रैक्टर अपने गांव ले आया था। नीतू के पिता ने अपने घर के लिए दो माह पहले ही स्वराज ट्रैक्टर खरीदा था।

नीतू ने 14 अप्रैल की रात अपने भाई मनोज को फोन कर पांच लाख रुपए नहीं देने पर जेठ और जेठानी से मिलकर पति पर परेशान करने के आरोप लगाए थे। 15 मार्च की सुबह भाई को नीतू के फांसी लगाकर आत्महत्या की सूचना मिली। घटना के समय नीतू के पिता ट्रक लेकर बाहर गए हुए थे और बेटी के अंतिम दर्शन नहीं कर पाए। मौके पर पहुंचने के बाद भाई ने सुसाइड करने की बात को खारिज कर हत्या का आरोप लगाया था।

पंचायत को करवाया अवगत

बावल थाना प्रभारी फुल कुमार ने कहा कि मृतका के परिजनों की शिकायत पर दहेज हत्या का केस दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विधायक की मौजूदगी में पंचायत को पुलिस कार्रवाई से अवगत करवा दिया। मामले की जांच चल रही है। जांच के बाद जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।