3 अक्टूबर से दौड़ेगी राजस्थान की पहली अमृत भारत एक्सप्रेस, इन 12 स्टेशनों पर होगा ठहराव

जयपुर। प्रदेशवासियों के लिए रेल यात्रा में नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। राजस्थान को पहली बार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का तोहफ़ा मिलने वाला है। यह ट्रेन बिहार के दरभंगा से मदार (अजमेर) तक चलेगी और जयपुर होकर गुज़रेगी। रेलवे ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। खास बात यह है कि यह ट्रेन यात्रियों को वंदेभारत जैसी सुविधाएँ और तकनीक देगी, जबकि किराया सामान्य ट्रेनों से ज्यादा नहीं होगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दरभंगा-मदार अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन तीन अक्टूबर को होगा। यह ट्रेन फिलहाल सप्ताह में एक दिन चलेगी।

वंदेभारत जैसी तकनीक और रफ्तार
अमृत भारत एक्सप्रेस को देश की पहली पुल-पुश ट्रेन के रूप में डिजाइन किया गया है। इसमें दो इंजन लगे होंगे—एक आगे और दूसरा आखिरी डिब्बे के बाद। इससे ट्रेन को खींचने और धक्का देने की ताकत मिलेगी। नतीजतन, ट्रेन कुछ ही सेकंड में रफ्तार पकड़ लेगी। इस तकनीक के कारण झटके और कंपन की समस्या नहीं होगी। ट्रेन की अधिकतम गति 130 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रहेगी।

22 कोच और 1800 यात्रियों की क्षमता
इस ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे, जिनमें केवल स्लीपर और सामान्य श्रेणी के डिब्बे शामिल होंगे। यानी पूरी तरह से नॉन-एसी ट्रेन होगी। इसमें करीब 1800 यात्री एक साथ सफर कर सकेंगे। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर कोच में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। वहीं लोको पायलट केबिन में एसी की सुविधा रहेगी। साथ ही, ट्रेन को सुरक्षा कवच तकनीक से लैस किया गया है, जिससे टक्कर की संभावना लगभग समाप्त हो जाएगी।