जयपुर। राजस्थान में बारिश का दौर जारी है। जयपुर, उदयपुर और भीलवाड़ा में रातभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। भीलवाड़ा में आज सुबह करीब 6:30 बजे तक बारिश हुई।
कई कॉलोनियों और घरों में 2 से 3 फीट तक पानी भर गया। निचली बस्तियां और अंडर ब्रिज जलमग्न हो गए। मांडल क्षेत्र में एक मकान ढह गया।
टोंक के बीसलपुर बांध में पानी की आवक बढ़ने से शनिवार सुबह 7 बजे दो और गेट (नंबर 7 और 14) खोले गए। 6 गेट पहले से खोले हुए हैं। अब बांध से प्रति सेकेंड 96160 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है।
मौसम विभाग ने शनिवार को उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ में रेड अलर्ट जारी किया है। चित्तौड़गढ़, राजसमंद, झालावाड़, सिरोही, जालोर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
बूंदी, कोटा, बारां, भीलवाड़ा, अजमेर, नागौर, बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, पाली में येलो अलर्ट रहेगा। अजमेर, उदयपुर, राजसमंद, भीलवाड़ा और सलूंबर में शनिवार को स्कूलों की छुट्टी है।
बारिश के बीच गिरा चार मंजिला मकान
राजस्थान के जयपुर में शुक्रवार, 5 सितंबर की देर रात बड़ा हादसा हो गया, जब एक चार मंजिला मकान अचानक भरभरा कर गिर पड़ा. हादसे के वक्त घर के अंदर 7 लोग थे. मलबे में दबकर पिता और 6 साल की मासूम बेटी की मौत हो गई.
हादसे में मरने वालों में 33 साल के प्रभात और उनकी 6 साल की बेटी पीहू थे. दोनों का शव काफी मशक्कत के बाद मलबे से बाहर निकाला गया. हादसे के वक्त प्रभात की पत्नी भी घर में मौजूद थीं, जिनकी हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है. उन्हें SMS अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
7 लोग थे घर में, 5 को बचाया गया
हादसे के वक्त घर में 7 लोग मौजूद थे. मलबा गिरने के तुरंत बाद रेस्क्यू टीमों ने 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था. बाकी तीन लोग मलबे में फंसे रहे. थोड़ी देर बाद प्रभात और उनकी बेटी मृत अवस्था में मिले, जबकि उनकी पत्नी को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया.