जयपुर। राजस्थान में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे बीकानेर जिले के खाजूवाला क्षेत्र में एक संदिग्ध विदेशी नागरिक पकड़ा गया है। डेनमार्क निवासी आरोपित करीब सात माह पहले करीब एक साल के वीजा पर भारत आया था। पकड़े जाने के बाद उसने कुछ सवालों के जवाब अंग्रेजी में दिए और फिर रोने लगा। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही है कि विदेशी नागरिक प्रतिबंधित क्षेत्र तक कैसे और क्यों पहुंचा।
पुलिस अधिकारी ने क्या बताया?
खाजूवाला पुलिस थाना अधिकारी सुरेंद्र प्रजापत ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए गहनता से जांच की जा रही है। विदेशी नागरिक के पास कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। खाजूवाला क्षेत्र पाकिस्तान के निकट है। ऐसे में यहां विदेशी नागरिकों के आने के लिए विशेष अनुमति की आवश्यक्ता होती है। माना जा रहा है कि जानकारी के अभाव में युवक इस क्षेत्र में पहुंच गया है।