शादी नहीं तो जान की बाजी!राजस्थान में युवती का वीरू स्टाइल में ड्रामा, जिद पर अड़ी महिला

भरतपुर ; भरतपुर जिले के बयाना सदर थाना क्षेत्र के गांव बरखेड़ा में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 20 वर्षीय युवती प्रेम प्रसंग के चलते गांव के ही एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई. पिछले 3 घंटों से युवती टावर की ऊंचाई पर जमी हुई है, जिसे देखने के लिए ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई है.

अंतर्जातीय विवाह की जिद और वीरू स्टाइल ड्रामा
जानकारी के अनुसार, युवती गांव के ही मोनू चौधरी नाम के युवक से प्रेम करती है. वह मोनू से अंतर्जातीय विवाह करने की मांग को लेकर अड़ी हुई है. परिजनों द्वारा विरोध किए जाने पर उसने फिल्मी अंदाज में टावर पर चढ़कर अपना विरोध दर्ज कराया. युवती का साफ कहना है कि जब तक उसकी शादी की बात नहीं मानी जाती, वह नीचे नहीं उतरेगी.

प्रशासन और पुलिस के फूले हाथ-पांव
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया है. बता दें कि एडिशनल एसपी हरिराम कुमावत और एसडीएम दीपक मित्तल दलबल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं. फिलहाल सदर थाना और झील पुलिस चौकी का जाब्ता मौके पर तैनात है. किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए SDRF और सिविल डिफेंस की टीमों को तत्काल बुलाया गया है. मौके पर एम्बुलेंस भी तैनात कर दी गई है.

समझाइश का दौर जारी
पुलिस प्रशासन अब उस युवक (मोनू) को मौके पर बुलाकर उसके जरिए युवती से नीचे उतरने की अपील करवा रहा है. अधिकारी लाउडस्पीकर के माध्यम से युवती को समझाने का प्रयास कर रहे हैं कि सुरक्षा के साथ नीचे आ जाए, जिसके बाद बैठकर मामले का समाधान निकाला जाएगा.