बूंदी में बन रहा 2000 करोड़ रुपये की लागत से देश का सबसे बड़ा जलसेतु

Rajasthan Government Project: राजस्थान के बूंदी जिले के गुहाटा गांव में 2000 करोड़ रुपये की लागत से देश का सबसे बड़ा एक्वाडक्ट बनाया जा रहा है, जिससे 17 जिलों को पानी मिलेगा.

बूंदी जिले के गुहाटा गांव में चंबल नदी के तट पर देश का सबसे बड़ा एक्वाडक्ट तैयार किया जा रहा है. यह राज्य सरकार का एक महत्वाकांक्षी जल संसाधन प्रोजेक्ट है, जो पूरा होने के बाद राजस्थान के जल संकट को काफी हद तक दूर करेगा.

निर्माण स्थल पर भारी मशीनरी के साथ बड़ी संख्या में मजदूर दिन-रात कार्य कर रहे हैं, जिससे परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है. जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत ने गुहाटा गांव पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को गुणवत्ता व समयबद्धता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

वहीं, मीडिया से बातचीत में मंत्री रावत ने कहा कि यह सरकार का अहम प्रोजेक्ट है, जिसे साल 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने बताया कि परियोजना पूरी होने पर करीब 17 जिलों को पीने का पानी मिलेगा. साथ ही किसानों को खेतों में सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराया जाएगा.

मंत्री ने बताया कि आगे के चरणों में औद्योगिक क्षेत्रों तक भी पानी पहुंचाने की योजना है. यह देश का पहला ऐसा प्रोजेक्ट होगा, जिसमें वेस्ट पानी को एकत्रित कर दोबारा उपयोग में लाया जाएगा. इस योजना के तहत चंबल, पार्वती, काली सिंध और मेज नदियों के पानी का समायोजन किया जाएगा.

करीब 3.45 किलोमीटर लंबे इस एक्वाडक्ट का निर्माण लगभग 2000 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है. ग्रामीणों की सुविधा के लिए इस पर सड़क निर्माण की योजना भी शामिल है.

बता दें कि कोटा-बूंदी क्षेत्र में चंबल नदी पर संशोधित PKC एकीकृत ERCP परियोजना के तहत एक अनूठा जलसेतु बनाया जा रहा है. कहा जा रहा है कि ये 12 लेन हाईवे के बराबर चौड़ा हो सकता है.