भीलवाड़ा। भीलवाड़ा के CNG पंप पर कर्मचारी को थप्पड़ मारने के बाद निलंबित किए गए आरएएस अधिकारी छोटूलाल शर्मा अब एक और विवाद में घिर गए हैं। उनकी पहली पत्नी पूनम झखोड़िया ने खुलकर मीडिया के सामने आकर अपने ऊपर हुए अत्याचार की दर्दनाक कहानी बताई है। पूनम ने आरोप लगाया कि छोटूलाल उन्हें आए दिन पीटते थे और घर में डर का माहौल बना रहता था।
पूनम झखोड़िया, जो मूल रूप से पिलानी की रहने वाली हैं, ने बताया कि “पंप वाले को तो उन्होंने एक थप्पड़ मारा है, लेकिन मुझे तो रोज 10-10 थप्पड़ मारते थे। बच्चे डर के मारे बैड और कुर्सियों के पीछे छिप जाते थे।” पूनम ने यह भी बताया कि उनके और छोटूलाल के बीच तलाक का मामला अभी न्यायालय में लंबित है।
पूनम ने बताया कि साल 2008 में दोनों की शादी हुई थी। उस समय दोनों एक ही कॉलेज में लेक्चरर थे। कॉलेज की दोस्ती प्यार में बदली और फिर शादी हुई। लेकिन पूनम के मुताबिक, “यह रिश्ता सिर्फ संघर्ष बनकर रह गया। जब उनके पास कुछ नहीं था, तब मैंने साथ दिया। गरीबी में बच्चों को पढ़ाया, परिवार को संभाला। लेकिन जैसे ही अफसर बने, उनका दिमाग फिर गया।”
पूनम ने दावा किया कि अफसर बनने के बाद छोटूलाल के जीवन में कई महिलाएं आईं। “रात के दो-दो बजे तक बाथरूम में बैठकर फोन पर बातें करते थे। जब मैंने टोका तो बोले— तू अब बूढ़ी हो गई है, मेरे काम की नहीं रही।” पूनम का कहना है कि उन्होंने कई बार सहा, लेकिन मारपीट और अपमान की हद पार हो गई थी।
पूनम के मुताबिक, “साल 2020 में उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई के लिए पिलानी चलो, मैं हर 15 दिन में आता रहूंगा। कुछ हफ्तों बाद मुझे तलाक का नोटिस मिल गया। मैं हैरान रह गई कि मेरे साइन कैसे करवा लिए। आज भी मैं उन्हें अपना पति मानती हूं, सिंदूर भरती हूं, करवाचौथ रखती हूं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि छोटूलाल ने जोधपुर हाईकोर्ट में झूठे दस्तावेजों के आधार पर तलाक दाखिल किया, जिसके खिलाफ उन्होंने अब कानूनी लड़ाई शुरू कर दी है।
पूनम ने बताया कि साल 2022 में उन्होंने छोटूलाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। उसमें लिखा था कि छोटूलाल उन्हें धमकाते हैं— “कानून और पुलिस मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती। पुलिस वाले मेरे घर के बाहर खड़े रहते हैं और मुझे सलाम करते हैं।”
जानकारी के अनुसार, पूनम और छोटूलाल का रिश्ता करीब 12 साल तक चला। इसके बाद दोनों अलग हो गए। तलाक के कुछ महीनों बाद, वर्ष 2024 में छोटूलाल ने दीपिका व्यास से दूसरी शादी की, जिनसे उन्हें एक दो महीने की संतान है। दीपिका इस समय भीलवाड़ा में अपने बच्चे और छोटूलाल के दिवंगत भाई की दो संतानों के साथ रह रही हैं।
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें छोटूलाल शर्मा ने भीलवाड़ा के एक CNG पंप कर्मचारी को थप्पड़ मारा था। जवाब में कर्मचारी ने भी उन्हें थप्पड़ जड़ दिया। वीडियो सामने आते ही विवाद बढ़ा और सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर जयपुर मुख्यालय अटैच कर दिया।