राजस्थान के कोटपूतली जिले के अजीतपुरा-कुजेटा गांव में अवैध खनन के विरोध को लेकर चल रहे धरने के दौरान सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब खनन माफियाओं ने कथित तौर पर धरनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों पर फायरिंग कर दी। घटना में 5 ग्रामीणों को गोली लगने की सूचना है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीण लंबे समय से क्षेत्र में हो रहे कथित अवैध खनन के विरोध में धरना प्रदर्शन कर रहे थे। दो दिन पहले प्रशासन द्वारा धरनास्थल पर लगाए गए टेंट को हटवा दिया गया था। इसके बाद सोमवार को ग्रामीणों ने दोबारा धरना शुरू करने का प्रयास किया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और कथित रूप से खनन माफियाओं द्वारा फायरिंग कर दी गई।
गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल
फायरिंग की घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। घायलों को तत्काल कोटपूतली के राजकीय बीडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है।
घटना के बाद प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
कोटपूतली डीएसपी राजेन्द्र बुरड़क ने बताया कि कुजेटा-अजीतपुरा क्षेत्र में ग्रामीण अवैध खनन के विरोध में धरना प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने ग्रामीणों पर फायरिंग करने की सूचना मिली है, जिसमें 5 लोगों के घायल होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहां फायरिंग की घटना के बाद गांव में अफरा तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। वहीं कोटपूतली पुलिस अधीक्षक मामले में नजर बनाए हुए हैं और कई थानों की पुलिस गांव में तैनात है ताकि कोई अप्रिय घटना ना हो। वहीं पुलिस ने अज्ञात फायरिंग करने वाले के खिलाफ टीम गठित कर तलाश शुरू कर दी है। ताकि आरोपी जल्द से जल्द पकड़े जा सके।