जयपुर: राजस्थान कांग्रेस में नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति हो चुकी है। जिन्हें नई जिम्मेदारी मिली, उन्हें प्रशिक्षण देने का कार्यक्रम चल रहा है। पार्टी से जुड़े संगठन यूथ कांग्रेस में भी नए पदाधिकारी के चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। अब बड़ी खबर यह है कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व भी अब जल्द बदलने वाला है। यानी प्रदेश में पार्टी की कमान नए नेता को सौंपे जाने की तैयारी है। वर्तमान में पार्टी के तेज तर्रार नेता गोविंद सिंह डोटासरा पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष हैं। आगामी दिनों में नए नेता को जिम्मेदारी सौंपी जाने वाली है।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का भी बदलाव संभव
संगठन के साथ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका भी नए नेता को दी जा सकती है। वर्तमान में टीकाराम जूली नेता प्रतिपक्ष हैं। हालांकि टीकाराम जूली आक्रामक नेता हैं। सदन में वे सरकार के कामकाज को लेकर सियासी हमला करते रहे हैं। पार्टी उनके कार्य से पूर्ण संतुष्ठ है लेकिन सियासी गलियारों में ऐसी चर्चाएं हैं कि नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी अब नए नेता को दी जा सकती है।
नए प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में पायलट सबसे आगे
राजस्थान कांग्रेस के वर्तमान प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा जुलाई 2020 में प्रदेशाध्यक्ष बनाए गए थे। पांच साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद उनका कार्यकाल एक वर्ष के लिए बढ़ाया गया था। बढ़ाया हुआ कार्यकाल भी पूरा होने वाला है। ऐसे में अब संगठन की कमान नए नेता को सौंपा जाना तय है। नए नेताओं में सचिन पायलट का नाम सबसे आगे है। डोटासरा से पहले पायलट लगातार सात साल तक संगठन में प्रदेश की कमान संभाल चुके हैं। उनकी लोकप्रियता और कामकाज को देखते हुए फिर से जिम्मेदारी दिया जाना तय माना जा रहा है।
ये नेता भी हैं प्रबल दावेदार
किन्हीं कारणों से अगर सचिन पायलट को दोबारा से प्रदेश कांग्रेस की कमान नहीं सौंपी जाती है तो तीन चार नेता और हैं जो प्रदेशाध्यक्ष बनने की दौड़ में चल रहे हैं। इनमें हरीश चौधरी, राजेंद्र पारीक, शांति धारीवाल का नाम शामिल है। ये तीनों नेता पार्टी में काफी सीनियर हैं और दिल्ली तक अपनी पहुंच रखते हैं। पार्टी से जुड़े कुछ नेताओं का कहना है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह को भी राजस्थान की कमान सौंपी जा सकती है।
नेता प्रतिपक्ष की दौड़ में ये नेता
हालांकि नेता प्रतिपक्ष को बदला जाना फिलहाल तय नहीं है लेकिन अगर बदलाव किया जाता है तो टीकाराम जूली का स्थान गोविंद सिंह डोटासरा ले सकते हैं। डोटासरा भी जूली की तरह आक्रामक नेता हैं। उनके अलावा शांति कुमार धारीवाल और राजेंद्र पारीक को भी नेता प्रतिपक्ष की दौड़ में माना जा रहा है।