जैसलमेर में आया रेत का बवंडर, अलवर-दौसा में बारिश: आसमान में छाया धूल का गुबार; तीन दिन में…

जयपुर। राजस्थान के जैसलमेर में रविवार शाम को फिर से बवंडर उठा। आसमान में दूर से ही धूल का गुबार दिखाई देने लगा, जो धीरे-धीरे आगे बढ़ता दिखा। सुल्ताना और मोहनगढ़ क्षेत्र में अंधड़ से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। उधर, अलवर और दौसा जिले के कई इलाकों में शाम को बारिश हुई। पिछले 3 दिन में कई बार हुई बारिश के बाद तापमान में 10 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।

इससे पहले शनिवार को धूल के गुबार के कारण कई शहरों में दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया। आंधी की रफ्तार इतनी खौफनाक थी कि किशनगढ़ हवाई अड्डे पर हवा की अधिकतम गति 102 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।

उदयपुर में शनिवार रात करीब 10 बजे आंधी-तूफान आया। एक-डेढ़ घंटे तक हालात इसी तरह के रहे। कई पेड़ गिर गए। शहर के सुंदरवास रोड पर पेड़ गिरने से बाइक सवार बाल-बाल बच गए। इसमें एक बाइक दब गई। बाइक सवारों ने पीछे भागकर जान बचाई।

नौतपा में देश के कई हिस्सों में तापमान 45°C से ऊपर पहुंच गया है। हाई टेम्परेचर और ह्यूमिडिटी बैक्टीरिया और फंगस के पनपने के लिए अनुकूल माहौल बनाते हैं। इससे दाद, खुजली और रैशेज जैसी समस्याएं बढ़ती हैं। ऐसे में जरूरी है कि समय रहते लक्षणों को पहचानकर बचाव के सही उपाय किए जाएं।