उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने बिना दस्तावेजों के नेपाल में घुसने की कोशिश कर रहे 36 साल के शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसने खुद को अमेरिका का नागरिक बताया है. अधिकारियों के अनुसार, उस व्यक्ति ने अपना नाम जॉर्डन ब्राउन बताया और दावा किया कि वह अमेरिका के कैलिफोर्निया का रहने वाला है.
ब्राउन को सोनौली पुलिस स्टेशन के मैनिहवा इलाके में बाउंड्री पिलर नंबर 516 के पास गश्त के दौरान गिरफ्तार किया गया था, जब एसएसबी की 22वीं बटालियन ने उसे रोका. आरोपी ने कथित तौर पर मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन भारतीय सीमा बलों ने उसे पकड़ लिया. महराजगंज के ASP सिद्धार्थ ने बताया कि गिरफ्तारी के समय उसके पास कोई वैध यात्रा या पहचान संबंधी कागजात नहीं थे.
नवंबर 2025 से भारत में था आरोपी
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी टूरिस्ट वीजा पर थाईलैंड गया था, जहां उसका पासपोर्ट खो गया था. उसने पुलिस को यह भी बताया कि वह अमेरिकी नौसेना का पूर्व अधिकारी था. एएसपी ने बताया, ‘वह बाद में समुद्री मार्ग से श्रीलंका पहुंचा और वहां से 2 नवंबर, 2025 को समुद्र मार्ग से भारत आया. तब से वह गोवा में रह रहा था.’
गोवा से बेंगलुरु और फिर यूपी पहुंचा ब्राउन
बीते करीब सात महीने से आरोपी बिना पासपोर्ट-वीजा के भारत में रह रहा था. अधिकारी ने बताया कि ब्राउन गोवा से बेंगलुरु और वहां से सोनौली सीमा तक गया, जिसका इरादा नेपाल में प्रवेश करना था. उन्होंने कहा, ‘वह नेपाल में घुसने की कोशिश कर रहा था जब उसे बिना किसी वैध यात्रा दस्तावेज या पहचान पत्र के गिरफ्तार कर लिया गया.’
अमेरिकी नागरिक से कितने रुपये हुए बरामद?
तलाशी के दौरान ब्राउन के पास से 31,460 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद हुए, लेकिन वह पासपोर्ट, वीजा या कोई अन्य वैध यात्रा दस्तावेज पुलिस को नहीं दिखा सका. एसएसबी की सहायक कमांडेंट प्रिया यादव ने बताया कि सशस्त्र सीमा बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने उससे पूछताछ की और फिर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे यूपी के सौनौली पुलिस थाने को सौंप दिया.