राजस्थान में ये क्या हो रहा है! 4 जवान दोस्त जिंदा जले, गठरियों में अस्पताल लाए गए शव

बाड़मेर. दीवाली के त्योहार से पहले राजस्थान को एक के बाद एक दर्द मिल रहा है. पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर बस आग हादसे की आग ठंडी होने से पहले ही वहां एक और बड़ा हादसा हो गया. जैसलमेर से सटे बाड़मेर जिले में बुधवार रात को सड़क हादसे के बाद एक वाहनों में आग लग गई. इससे उसमें सवार चार जवान दोस्त जिंदा जल गए. उनके शवों को गठरियों में बांधकर लाना पड़ा है. शव इस कदर जल चुके थे कि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि कौनसा शव किसका है. अब उनके डीएनए जांच उनकी शिनाख्त की जाएगी. दो दिन पहले ही जैसलमेर में AC स्लीपर बस आग का गोला बन गई थी. उसमें 21 लोगों की जिंदा जल जाने से मौत हो गई थी. इनमें से 19 शव इस कदर जल चुके थे कि उनकी डीनएन से पहचान करनी पड़ी है.

पश्चिमी राजस्थान में यह दूसरा बड़ा दर्दनाक हादसा बाड़मेर जिले के सिणधरी थाना इलाके में बुधवार देर रात को हुआ. सिणधरी के सड़ा गांव के पास स्कॉर्पियो-ट्रेलर में जबर्दस्त भिड़ंत हो गई. भिड़त के बाद स्कॉर्पियो और ट्रेलर में आग लग गई. ट्रेलर चालक और परिचालक तो किसी तरह से बाहर निकलने में सफल हो गए लेकिन स्कॉर्पियो में सवार चार जवान दोस्त बाहर नहीं निकल पाए और वहीं जिंदा जल गए. जबकि उनका चालक गंभीर रूप से झुलस गया. उसे इलाज के लिए जोधपुर रेफर किया गया है. वहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया.

चारों रात को सिधणरी से अपने गांव जा रहे थे
आग इतनी भयंकर थी कि कोई कुछ नहीं कर पाया. इस हादसे में मोहन सिंह, शंभू सिंह, प्रकाश मेघवाल और पांचाराम देवासी की जिंदा जल जाने से मौत हो गई. चारों युवक गहरे दोस्त थे. चारों युवक डाबड़ गांव के रहने वाले थे. वे रात को सिधणरी से अपने गांव जा रहे थे. लेकिन कौनसा शव किसका है इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने शवों को गठरियों में बांधकर सिणधरी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. वहां उनकी उनके परिजनों से डीएनए मिलान करवाया जाएगा. उसके बाद शवों की शिनाख्त कर परिजनों को सौंपा जाएगा. हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.

एक ही गांव के चार युवाओं की मौत हो जाने से पसरा सन्नाटा
हादसे की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर सुशील यादव और अन्य पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. इस मामले में ट्रेलर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. एक ही गांव के चार युवाओं की मौत हो जाने से वहां सन्नाटा पसर गया है. उल्लेखनीय है कि मंगलवार को दोपहर में जैसलमेर के पास स्लीपर में एसी की गैस लीक हो जाने से उसमें सवार 21 लोग जिंदा जल गए थे. 15 घायलों का अभी जोधपुर में इलाज चल रहा है. उनमें से आठ की हालत नाजुक बनी हुई है.