गरुड़ पुराण के अनुसार इन 5 गलतियों की मिलती है सबसे कड़ी सजा, जानें नरक का वर्णन

Garuda Purana About Hell: हिंदू धर्म के प्रमुख ग्रंथों में से एक गरुड़ पुराण जीवन, मृत्यु और मृत्यु के बाद की यात्रा का विस्तृत वर्णन प्रस्तुत करता है. शास्त्रों में बताया गया है कि इस ब्रह्मांड में अनेक लोक हैं, जिनमें पृथ्वी भी एक लोक के रूप में शामिल है. पृथ्वी पर जन्म लेने वाले प्रत्येक जीव की मृत्यु निश्चित है और मृत्यु के बाद आत्मा अपने कर्मों के आधार पर स्वर्ग या नरक की ओर प्रस्थान करती है. गरुड़ पुराण के अनुसार, जो मनुष्य धर्म का पालन करता है, दान-पुण्य करता है, सत्य और सदाचार का मार्ग अपनाता है, ऐसे लोगों को मृत्यु के बाद स्वर्ग की प्राप्ति होती है. इसके विपरीत, पाप कर्म, छल, हिंसा, लोभ और अधर्म करने वालों की आत्मा को यमराज नरक लोक भेजते हैं. यह नरक आत्मा को उसके कर्मों का फल देने का स्थान माना जाता है. शास्त्रों में ऐसे अनेक नरकों का वर्णन मिलता है जिनमें विशेष पाप करने वालों को विशिष्ट प्रकार की सजा दी जाती है. आइए जानते हैं वे पांच प्रमुख नरक, जहां विशेष पापों के अनुसार भयानक दंड मिलता है.

तमिश्रम नरक
तमिश्रम नरक उन लोगों के लिए बताया गया है जो किसी को धोखे से उसकी संपत्ति हड़प लेते हैं. ऐसे लोगों को स्वयं यमराज पकड़कर इस नरक में ले जाते हैं. यहां आत्मा को बार-बार पीटा जाता है. बेहोश होने तक और फिर होश आते ही दंड दोबारा शुरू हो जाता है. यह प्रक्रिया तब तक चलती है जब तक दंड अवधि समाप्त नहीं होती.

अंधतमिस्रम नरक
इस नरक में उन पापियों को भेजा जाता है जो वैवाहिक संबंधों की मर्यादा तोड़कर अपने जीवनसाथी के साथ विश्वासघात करते हैं. शास्त्रों के अनुसार इस नरक में आत्मा को कड़ी यातनाएं दी जाती हैं ताकि वह अपने कर्मों का फल भोग सके.

रौरव नरक
जो लोग अपने जीवन में स्वार्थी, लालची और ईर्ष्यालु होते हैं तथा दूसरों के संसाधनों पर निर्भर होकर ऐश करते हैं, उनका मार्ग रौरव नरक की ओर जाता है. यहां आत्मा को सांपों द्वारा डंसवाया जाता है, जिससे वह भयानक पीड़ा सहती है.

कुंभीपाक नरक
यह नरक सबसे भयावह नरकों में से एक माना गया है. वे लोग जो अपने स्वार्थ के लिए जानवरों की हत्या करते हैं और हिंसा को जीवन का हिस्सा बना लेते हैं, उन्हें कुंभीपाक नरक में भेजा जाता है. इस नरक में आत्मा को खौलते हुए तेल में उबाला जाता है.

कालसूत्र नरक
इस नरक में वे आत्माएं जाती हैं जो बड़े-बुजुर्गों का अपमान करते हैं, दूसरों का आदर नहीं करते और अहंकार से भरे रहते हैं. कहा जाता है कि इस नरक में इतनी तीव्र गर्मी होती है कि आत्मा के लिए सहन करना अत्यंत कठिन हो जाता है.