Hast Rekha Surya Rekha: इंसान की हथेली में कई प्रकार की रेखाएं और निशान पाए जाते हैं. हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार, इनमें से कुछ रेखाएं शुभ मानी जाती हैं तो कुछ अशुभ संकेत देती हैं. यदि किसी व्यक्ति की हथेली में शुभ और स्पष्ट रेखाएं मौजूद हों, तो वह जीवन में कम मेहनत के बावजूद अच्छे परिणाम प्राप्त करता है और सुख-सुविधाओं से भरपूर जीवन जीता है. इन्हीं रेखाओं में से एक है सूर्य रेखा, जिसे विशेष रूप से भाग्यशाली रेखा माना गया है. यह बहुत कम लोगों की हथेली पर साफ दिखाई देती है. आइए जानते हैं कि हथेली की सूर्य रेखा और सूर्य पर्वत क्या संकेत देती है.
हथेली में कहां होती है सूर्य रेखा?
हस्तरेखा विज्ञान के अनुसार, सूर्य रेखा हथेली में अनामिका (रिंग फिंगर) के नीचे पाई जाती है. इस स्थान को सूर्य पर्वत कहा जाता है. यदि सूर्य पर्वत पर एक सीधी और स्पष्ट रेखा बनी हो, जिसे बीच में कोई अवरोध न तोड़ रहा हो, तो ऐसा व्यक्ति बेहद भाग्यशाली माना जाता है.
सूर्य रेखा के शुभ प्रभाव
हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार, जिन लोगों की हथेली पर साफ और गहरी सूर्य रेखा होती है, वे समाज में मान-सम्मान और प्रतिष्ठा प्राप्त करते हैं. ऐसे लोग दूसरों को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं और अपने क्षेत्र में विशेष पहचान बनाते हैं.
सरकारी नौकरी के संकेत
अगर किसी व्यक्ति की हथेली पर दो सूर्य रेखाएं समानांतर रूप से मौजूद हों, तो इसे बहुत शुभ संकेत माना जाता है. ऐसे जातकों के सरकारी नौकरी पाने की संभावना प्रबल होती है और वे प्रशासनिक या उच्च पदों पर सफलता हासिल कर सकते हैं.
होती है यश की प्राप्ति
हस्तरेखा शास्त्र की मानें तो अगर सूर्य पर्वत से निकलने वाली रेखा का एक सिरा मध्यमा उंगली और दूसरा कनिष्ठा (छोटी उंगली) की ओर जाता है, तो ऐसे लोग अत्यंत बुद्धिमान और विवेकशील होते हैं. इन्हें समाजिक कार्यों से खूब यश प्राप्त होता है.
मिलता है राजयोग वाला सुख
हस्तरेखा शास्त्र के मुताबिक, सूर्य रेखा पर स्वास्तिक का निशान होना अत्यधिक मंगलकारी है. जिन लोगों की हथेली पर ऐसा निशान बनता है, वे जीवनभर भौतिक सुख-संपत्ति, ऐश्वर्य और राजयोग जैसी सुविधाओं का आनंद लेते हैं.