Hast Rekha: हस्तरेखा शास्त्र में हथेली की लकीरों को जीवन का आईना माना जाता है. इनमें सबसे महत्वपूर्ण होती है- ‘भाग्य रेखा’. यह रेखा न सिर्फ आपके करियर और आर्थिक स्थिति को दर्शाती है, बल्कि यह भी संकेत देती है कि आपके जीवन का स्वर्णिम काल कब शुरू होगा. हस्तरेखा शास्त्र के जानकार बताते हैं कि कई लोगों का भाग्योदय शादी के बाद होता है. ऐसे लोगों की किस्मत तब अचानक चमक उठती है, जब उनका विवाह किसी योग्य कन्या से होता है. जबकि, शादी से पहले ऐसे लोगों का जीवन काफी संघर्षों से भरा रहता है. ऐसे लोगों के मेहनत के अनुकूल फल प्राप्त नहीं होता. ऐसे में आइए जानते हैं कि हथेली की कौन सी रेखा यह संकेत देती है कि किसी जातक का भाग्योदय विवाह के बाद होगा.
हथेली में कहां होती है भाग्य रेखा
आमतौर पर भाग्य रेखा कलाई के पास स्थित मणिबंध से शुरू होकर सीधे ऊपर की ओर बढ़ते हुए मध्यमा उंगली (Middle Finger) के नीचे स्थित शनि पर्वत तक जाती है. अगर यह रेखा बिना किसी रुकावट के शनि पर्वत तक पहुंचती है, तो जातक को जीवन के हर पड़ाव पर अपार सफलता और भाग्य का साथ मिलता है. हस्तरेखा देखते समय पुरुषों का दाहिना हाथ (Right Hand) और महिलाओं का बायां हाथ (Left Hand) देखना प्रधान माना जाता है.
विवाह के बाद भाग्योदय के संकेत
हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार, अगर भाग्य रेखा शुक्र पर्वत (अंगूठे के नीचे का उभरा हुआ हिस्सा) से शुरू होती है, तो जातक का भाग्योदय उसकी शादी के बाद होता है. ऐसे जातकों को विवाह के बाद न सिर्फ मानसिक सहयोग मिलता है, बल्कि ससुराल पक्ष से विशेष आर्थिक लाभ या संपत्ति मिलने के योग बनते हैं. ये लोग प्रेम के मामले में बहुत भाग्यशाली होते हैं और इनका व्यक्तित्व काफी आकर्षक होता है. हालांकि शुक्र पर्वत से निकलने वाली रेखा शुभ होती है, लेकिन कुछ मान्यताओं के अनुसार यदि इस रेखा की स्थिति ठीक न हो, तो उम्र ढलने पर संघर्ष बढ़ सकता है.
भाग्य रेखा की बनावट
भाग्य रेखा का स्वरूप जातक के जीवन के संघर्ष और सुखों को दर्शाते हैं. भाग्य रेखा जितनी साफ, गहरी और बिना कटी-फटी होगी, वह उतनी ही अधिक शुभ मानी जाती है. ऐसी रेखा व्यक्ति को बिना किसी बड़ी बाधा के सफलता दिलाती है.
टूटी या आड़ी-तिरछी रेखा
अगर भाग्य रेखा जगह-जगह से टूटी हुई है या उसे अन्य छोटी रेखाएं काट रही हैं, तो यह जीवन में आने वाले उतार-चढ़ाव और बाधाओं का संकेत है. ऐसे व्यक्ति को कार्यों में बार-बार रुकावटों का सामना करना पड़ सकता है.
जीवन रेखा और भाग्य रेखा का मिलन
जब भाग्य रेखा, जीवन रेखा को काटकर आगे बढ़ती है, तो जिस बिंदु पर वे मिलती हैं, उस उम्र में व्यक्ति को कठिन समय, आर्थिक हानि या स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है. यह स्थिति व्यापार में दिवालिया होने या किसी बड़ी दुर्घटना को लेकर भी संकेत देती है.