Garuda Purana About Married Women: हिंदू धर्म के प्रमुख ग्रंथों में से एक गरुड़ पुराण में जीवन से जुड़ी कई गहरी बातें बताई गई हैं. इस पुराण में महिलाओं के आचरण, व्यवहार और वैवाहिक जीवन से जुड़े ऐसे सिद्धांत बताए गए हैं, जिन्हें अपनाने से पति-पत्नी के रिश्तों में प्रेम और विश्वास मजबूत होता है. विवाह एक पवित्र बंधन है, जिसमें छोटी-सी गलती भी दरार ला सकती है, वहीं समझदारी रिश्तों को और मजबूत बना देती है. गरुड़ पुराण में महिलाओं के लिए कुछ विशेष बातें बताई गई हैं, जिन्हें ध्यान में रखना बेहद लाभकारी माना गया है.
पति से अधिक समय तक दूरी न रखें
गरुड़ पुराण के अनुसार, पत्नी को लंबे समय तक अपने पति से दूर नहीं रहना चाहिए. ऐसा करने से मानसिक तनाव बढ़ सकता है और दांपत्य जीवन में प्रेम की कमी आने लगती है. इसलिए अगर आपके साथ ही ऐसा हो रहा हो तो जल्द सुधार कर लें.
समर्पण भाव है जरूरी
गरुड़ पुराण में भगवान विष्णु पक्षीराज गरुड़ से कहते हैं कि पति-पत्नी का रिश्ता आपसी विश्वास और समर्पण पर टिका होता है. इसलिए विवाहिता स्त्री को अपने पति के साथ हर परिस्थिति में खड़ा रहना चाहिए. यह संबंध को मजबूती देता है और रिश्ते में सामंजस्य बनाए रखता है.
बुरे चरित्र वाले लोगों से रहें दूर
गरुड़ पुराण के मुताबिक, किसी भी महिला को ऐसे लोगों से बचना चाहिए जिनका आचरण अच्छा न हो. चाहे वे मित्र हों या रिश्तेदार, ऐसे लोगों का नकारात्मक प्रभाव वैवाहिक जीवन पर भी पड़ सकता है. इसलिए विवाहित महिलाओं को इस बात को लेकर बेहद सतर्क रहना चाहिए.
पति की बुराई करने वालों से दूर रहें
गरुड़ पुराण के अनुसार, विवाहित स्त्री को उन व्यक्तियों से दूरी बना लेनी चाहिए जो उसके पति की निंदा करते हों. ऐसे लोग वैवाहिक जीवन में तनाव और अविश्वास फैला सकते हैं.
पराए घर में अधिक समय तक न रहें
ग्रंथों में यह भी कहा गया है कि विवाहिता महिला को किसी दूसरे घर में बिना वजह लंबे समय तक नहीं ठहरना चाहिए. यहां तक कि मायके में भी आवश्यकता से अधिक दिनों तक ठहरना उचित नहीं माना गया है, क्योंकि इससे सम्मान और रिश्तों पर नकारात्मक असर पड़ सकता है.