प्यार, झगड़ा और हत्या…चैंपियन प्लेयर की गर्लफ्रेंड ने बेरहमी से ली जान, सदमे में खेल जगत

Valter de Vargas Aita Murder: ब्राजील के बॉडीबिल्डिंग चैंपियन वाल्टर डी वर्गास ऐटा का निधन हो गया है. रविवार (7 सितंबर) को उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई है. 41 साल के वर्गास ऐटा की जान उनकी गर्लफ्रेंड ने ले ली. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सांता कैटरीना के चापेको में उनके घर के अंदर एक झगड़े के दौरान उनकी हत्या कर दी गई. सिविल पुलिस ने बताया कि ऐटा और उनकी प्रेमिका के बीच यह झगड़ा उनके घर के अंदर शुरू हुआ. पड़ोसियों ने बताया कि उन्होंने घटना से पहले शोर सुना था. झगड़े के दौरान ऐटा पर एक धारदार हथियार से हमला किया गया.

गर्दन, पीठ और पेट पर कई वार

अधिकारियों के अनुसार, ऐटा को उनकी 43 वर्षीय साथी ने एक तीखी बहस के दौरान चाकू मार दिया. उनके चेहरे, गर्दन, पीठ और पेट पर कई वार किए गए. जान बचाने की कोशिश में ऐटा घर की सीढ़ियों से नीचे गिर गए, जहां पुलिस को उनका मृत शरीर मिला. उनके शरीर, खासकर गर्दन और छाती पर गहरे घाव थे. वह खून बहने के कारण सीढ़ियों पर ही गिर गए और उनकी मौत हो गई. बाद में पुलिस ने घर के अंदर की खून से सनी तस्वीरें जारी कीं.

गर्लफ्रेंड भी गंभीर रूप से घायल

पुलिस ने पुष्टि की कि ऐटा के साथ रहने वाली गर्लफ्रेंड भी गंभीर रूप से घायल है. उसे नाज़ुक हालत में पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी आपातकालीन सर्जरी हुई. सिविल पुलिस ने बताया कि अगर वह बच जाती है, तो उस पर हत्या का आरोप लगाया जाएगा. अधिकारियों ने यह भी पुष्टि की कि महिला के खिलाफ पहले से ही सशस्त्र डकैती और एक अन्य हत्या का वारंट था. जासूस अब उसके ठीक होने का इंतजार कर रहे हैं ताकि मामले की जाांच आगे बढ़ सके. झगड़े का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है.

गर्लफ्रेंड का रहा है आपराधिक इतिहास

43 वर्षीय महिला का आपराधिक इतिहास रहा है. सिविल पुलिस के अनुसार, वह सशस्त्र डकैती और हत्या के लिए 15 साल की सजा काट रही थी, लेकिन अपील पर बाहर थी. अगर वह अपनी चोटों से बच जाती है, तो उसे ऐटा की हत्या के लिए औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया जाएगा.

बॉडीबिल्डिंग जगत में शोक की लहर

वाल्टर डी वर्गास ऐटा ब्राजील के बॉडीबिल्डिंग जगत में एक सम्मानित हस्ती थे. अपने इंस्टाग्राम पर उन्होंने अपनी उपलब्धियों को दिखाया था, जिसमें छह राज्य ख़िताब शामिल हैं. वह 2024 डब्ल्यूएफएफ वाइस वर्ल्ड चैंपियनशिप में उपविजेता भी रहे थे. ऐटा चापेको के एक जिम में पर्सनल ट्रेनर के रूप में काम करते थे. सोमवार को उनकी याद में जिम बंद रहा. खबर फैलने के बाद उनके सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई.