India vs South Africa: साउथ अफ्रीका के खिलाफ रांची का रण जीतने के बाद जब टीम इंडिया होटल पहुंची तो वहां कुछ दिलचस्प नजारा देखने को मिला. सोशल मीडिया पर ऐसी अफवाहें हैं कि हेड कोच गौतम गंभीर और ROKO यानी रोहित-कोहली के बीच सबकुछ ठीक नहीं है. रांची के होटल में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला जहां गौतम और रोहित ‘गंभीर’ बातचीत करते दिखे, वहीं विराट कोहली उनके बगल से निकल गए और जीत का जश्न मनाने से भी इनकार कर दिया.
सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में केएल राहुल को होटल की लॉबी में केक काटते हुए देखा जा सकता है, जो पहले वनडे में जीत का जश्न मना रहे थे, लेकिन कोहली ने प्रशंसकों और होटल स्टाफ के सदस्यों के आग्रह के बावजूद इसमें शामिल होने से इनकार कर दिया.
कोहली ने नहीं मनाया जीत का जश्न
वीडियो की शुरुआत में टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के बीच गहन बातचीत होते दिख रही है. उसके बाद कैमरे का फोकस राहुल पर जाता है, जो केक काट रहे हैं. जश्न में शामिल होने के आग्रह के बावजूद, कोहली नहीं रुके और हाथ से इशारा करते हुए कहा कि वो इसमें शामिल नहीं होना चाहते हैं. देखें वीडियो:
रोहित-कोहली और गंभीर में सबकुछ ठीक?
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में ये दावा किया जा रहा है कि हेड कोच गौतम गंभीर और दो सीनियर खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच सबकुछ ठीक नहीं है. रिपोर्ट के मुताबिक गौतम गंभीर के साथ विराट कोहली और रोहित शर्मा के रिश्ते उतने अच्छे नहीं हैं जितने होने चाहिए, और दोनों खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर एक बैठक हो सकती है. ये भी दावा किया गया है कि टीम इंडिया में चल रहे तनाव से बीसीसीआई भी परेशान है और दूसरे या तीसरे वनडे से पहले एक बड़ी बैठक हो सकती है.
गंभीर ने दिया था बड़ा बयान
बता दें कि हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए वनडे सीरीज में भारत को 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था. हालांकि, सिडनी में खेले गए तीसरे ODI में रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच शतकीय साझेदारी हुई और टीम इंडिया को जीत मिली. इसके बाद दोनों की जमकर तारीफ हुई थी. सीरीज खत्म होने के बाद हेड कोच गौतम गंभीर ने बड़ा बयान दिया था और कहा कि मैं उनमें से नहीं हो सीरीज हारने के बाद भी सेलिब्रेट करूं.