एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में टीम इंडिया को अपना पहला ही मैच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ खेलना है. इसी बीच बड़े संकेत मिले हैं कि एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में भारत के पहले मैच में संजू सैमसन की जगह जितेश शर्मा को मौका दिया जा सकता है. वहीं, संजू सैमसन को पहले मैच के लिए बेंच पर बैठाया जा सकता है. शुभमन गिल की टी20 टीम में वापसी के बाद से ही संजू सैमसन की प्लेइंग इलेवन में जगह को लेकर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि उपकप्तान होने के नाते शुभमन गिल के पारी की शुरुआत करने की पूरी संभावना है. संजू सैमसन को ऐसे में मिडिल ऑर्डर में विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर जितेश शर्मा से मुकाबला करना होगा.
‘बलि का बकरा’ बनेगा ये बल्लेबाज!
जितेश शर्मा टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में चुने जाने के प्रबल दावेदार लग रहे हैं, क्योंकि दुबई में भारत के पहले प्रैक्टिस सेशन के दौरान उन्होंने हेड कोच गौतम गंभीर की निगरानी में लंबे समय तक बल्लेबाजी की. ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार संजू सैमसन ने शुरुआत में केवल थ्रोडाउन का सामना किया, उसके बाद पैड पहनकर नेट सेशन में भाग लिया. केरल क्रिकेट लीग में शानदार प्रदर्शन के बावजूद संजू सैमसन को टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा जा सकता है. वहीं, जितेश शर्मा भारत के पहली पसंद के विकेटकीपर बल्लेबाज लग रहे हैं. 31 साल के जितेश शर्मा ने IPL 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की खिताबी जीत में फिनिशर की भूमिका निभाई थी.
जितेश शर्मा का दावा मजबूत
जितेश शर्मा को विकेटकीपिंग और बैटिंग में बेहद खतरनाक माना जाता है. जितेश शर्मा एशिया कप 2025 में विरोधी टीमों के लिए सबसे बड़ा खतरा बन सकते हैं. IPL में इस बल्लेबाज ने कई मैच विनिंग पारियां खेलीं हैं. जितेश शर्मा ने 55 IPL मैचों में 157.06 की स्ट्राइक रेट से 991 रन बनाए हैं, जिसमें उन्होंने एक अर्धशतक जमाया है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा ने IPL 2025 के 15 मुकाबलों में 261 रन बनाए थे. निचले क्रम में जितेश शर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी की वजह से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने IPL 2025 की ट्रॉफी भी जीती थी.
स्पिन और तेज गेंदबाजी को बेहतर तरीके से खेलते हैं
जितेश शर्मा ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ 27 मई 2025 को खेले गए IPL 2025 के एक लीग मैच में 33 गेंदों में नाबाद 85 रन बनाकर मैच फिनिश किया था. जितेश शर्मा ने इस दौरान 6 छक्के और 8 चौके ठोके थे. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इस मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ 227 रन का लक्ष्य हासिल किया था. जितेश शर्मा ने टीम इंडिया के लिए 9 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. 9 टी20 इंटरनेशनल मैचों में इस बल्लेबाज ने 147.06 की स्ट्राइक रेट से 100 रन बनाए हैं. जितेश शर्मा स्पिन और तेज गेंदबाजी को बेहतर तरीके से खेलते हैं.
संजू सैमसन शानदार फॉर्म में
दूसरी ओर संजू सैमसन हाल ही में केरल क्रिकेट लीग में शानदार फॉर्म में दिखे थे, जहां उन्होंने पांच पारियों में 73.60 की औसत और 186.80 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट से 368 रन बनाए थे. अक्टूबर 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज में कप्तान सूर्यकुमार यादव द्वारा पारी की शुरुआत करने के लिए चुने जाने के बाद 30 वर्षीय सैमसन ने टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है. तब से सैमसन ने 12 पारियों में तीन शतक जड़े हैं और 37.90 की औसत से 417 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक भी शामिल हैं.