सूर्यकुमार यादव पर लगेगा बैन? पाकिस्तान की शिकायत पर सुनवाई हुई पूरी, कब आएगा फैसला

एशिया कप में 14 सितंबर को हुए ग्रुप स्टेज मैच में भारत के पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ न मिलाने पर खूब बवाल मचा, जो अब तक थमने का नाम नहीं ले रहा है. सुपर-4 मैच में भी यही देखने को मिला. इसके बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड आमने-सामने हैं. दोनों ही बोर्डों ने एक-दूसरे के खिलाड़ियों के खिलाफ ICC में शिकायत दर्ज कराई. पाकिस्तान ने भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को निशाना बनाया तो वहीं, BCCI साहिबजादा फरहान और हारिस रऊफ को लेकर ICC के पास पहुंचा. अब खबर आई है कि सूर्यकुमार यादव की सुनवाई पूरी हो चुकी है. रिपोर्ट्स को मानें तो उन्हें लेकर कल फैसला सुनाया जा सकता है.

सूर्यकुमार यादव पर लगेगा बैन?
कथित तौर पर सूर्यकुमार यादव की ICC के एलीट पैनल के मैच रेफरी रिची रिचर्डसन के सामने सुनवाई 25 सितंबर को पूरी हुई. इस दौरान बीसीसीआई सीओओ हेमंग अमीन और क्रिकेट संचालन प्रबंधक समर मल्लापुरकर भी शामिल हुए थे. यह सुनवाई सूर्यकुमार यादव के खिलाफ आईसीसी की आधिकारिक शिकायत के बाद हुई. रिपोर्ट्स की मानें तो उन पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना भी लगाया जा सकता है या फिर ICC उन्हें वॉर्निंग देकर भी छोड़ सकता है.

PCB ने इस मुद्दे को लेकर की शिकयत

दरअसल, सूर्यकुमार ने ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान पर मिली जीत को भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित किया और पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ितों के परिवारों के प्रति एकजुटता भी दिखाई. इसी साल अप्रैल में हुए पहलगाम आतंकवादी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी, जिसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी बढ़ गया था. सूर्यकुमार ने एशिया कप 2025 में दोनों बार पाकिस्तान से भिड़ने पर उनके कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया. न ही जीत के बाद भारतीय खिलाड़ी या खेमे ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाया. पीसीबी ने इसी मुद्दे को लेकर ICC से शिकायत की. हालांकि, बता दें कि पीसीबी की इस शिकायत में दम नहीं है, क्योंकि ICC की नियामवली में कहीं नहीं लिखा है कि हाथ न मिलाने पर कोई सजा होगी. ऐसे में सूर्या पर शायद ही कोई कड़ा एक्शन लिया जाए.

सूर्यकुमार यादव ने क्या कहा था?

14 सितंबर को पाक के खिलाफ मैच जीतने के बाद सूर्या ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में कहा, ‘यह एक बेहतरीन मौका है. हम पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के परिवारों के साथ खड़े हैं. हम अपनी एकजुटता व्यक्त करते हैं. हम इस जीत को अपने सभी सशस्त्र बलों को समर्पित करना चाहते हैं जिन्होंने बहुत बहादुरी दिखाई. उम्मीद है कि वे हमें प्रेरित करते रहेंगे और जब भी हमें मैदान पर उनके चेहरे पर मुस्कान लाने का मौका मिलेगा, हम उन्हें और भी कारण देंगे.’

BCCI की शिकायत पर कल सुनवाई

इस बीच पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस रऊफ और बल्लेबाज साहिबजादा फरहान के खिलाफ बीसीसीआई की शिकायतों पर शुक्रवार (26 सितंबर) को सुनवाई होगी. बीसीसीआई ने भारत के खिलाफ सुपर-4 मैच के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों के भड़काऊ हाव-भाव के लिए उनकी शिकायत दर्ज कराई. इस मैच में भारत ने 6 विकेट से जीत हासिल की थी.

फाइनल में भारत

एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान दो बार आमने-सामने हुए हैं और दोनों ही बार एकतरफा मुकाबले में टीम इंडिया ने जीत दर्ज की. बता दें कि भारत पहले ही टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच चुका है, जबकि पाकिस्तान इस समय दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ लगभग नाकआउट की स्थिति में है. पाकिस्तान-बांग्लादेश के इस मुकाबले की विजेता टीम खिताबी जंग में भारत से टकराएगी.