क्रिकेट खेल रहा था छात्र, ठंडा पानी पीते ही आया हार्टअटैक, जमीन पर गिरकर मौत

इस खबर को शेयर करें

अमरोहा. नगर में एक क्रिकेट ग्राउंड पर शनिवार दोपहर हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। खेल के दौरान ठंडा पानी के बाद अचानक कक्षा दस के छात्र की मौत हो गई। पानी पीते ही वह ग्राउंड पर गिर पड़ा। साथी उसे एक निजी चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा गया। उन्होंने बिना कानूनी कार्रवाई शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। स्कूल के शिक्षकों ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। वहीं चिकित्सकों ने मौत की वजह हार्ट अटैक बताई है।

नगर के मोहल्ला कायस्थान निवासी 16 वर्षीय प्रिंस कक्षा दस का छात्र था। परिजनों के मुताबिक शनिवार दोपहर प्रिंस मोहल्ले के साथियों के साथ चामुंडा मंदिर के पास मैदान में क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान प्यास लगने पर उसने मैदान में ही बोतल में रखा ठंडा पानी पी लिया। इसके बाद वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा।

मौजूद उसके साथियों के बीच हड़कंप मच गया। आनन-फानन उसे ई-रिक्शा से नगर में निजी चिकित्सक के यहां लाया गया। चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे अन्य चिकित्सकों को भी दिखाया लेकिन सभी ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। परिवार में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में गंगा घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। छात्र के स्कूल से जुड़ शिक्षकों ने भी उसके घर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। वहीं पूरा मामला दिनभर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। इस तरह खेल मैदान पर पानी पीने के दौरान हुई छात्र की मौत को लेकर हर कोई हैरान दिखा।

बेटे का शव देखते ही बेहोश होकर गिर पड़ी मां

हसनपुर। प्रिंस तीन बहन भाइयों में बड़ा था। वह नगर के कक्षा 10 का छात्र था। शनिवार को शिक्षण कार्य बंद होने की वजह से वह मोहल्ले के ही अपने साथियों के साथ घर से कुछ दूरी पर खेलने गया था। इसके कुछ देर बाद उसका शव घर पहुंचा। मां सविता बेटे के शव को देखकर बेहोश हो गई। मोहल्ले के तमाम लोग मौके पर जुट गए। सुखदेवी इंटर कालेज के प्रधानाचार्य परम सिंह ने बताया कि प्रिंस पढ़ाई में होनहार एवं शांत स्वभाव का छात्र था।

अमरोहा के चिकित्साधीक्षक डॉ. ध्रुवेंद्र कुमार ने बताया, खेल के दौरान प्रिंस के शरीर का तापमान बढ़ा हुआ था। फौरन ठंडा पानी पीने से तापमान अचानक गिर गया। जिसके चलते उसे हार्ट अटैक हुआ। कभी भी खेल या कसरत आदि करने के ठीक बाद ठंडा पानी नहीं पीना चाहिए।