किचन के लिए परफेक्ट चिमनी चाहिए तो अपनाएं ये 4 टिप्स, नुकसानदायक धुआं होगा छूमंतर!

Tips to Buy Kitchen Chimney: आजकल मॉडर्न घरों और किचन में एग्जॉस्ट फैन की जगह किचन चिमनी ने ले ली है. चिमनी लगाने से सबसे बड़ा फायदा यह होता है कि खाना बनाते समय निकलने वाला धुआं, तेल की भाप और बदबू सीधे बाहर निकल जाती है. इससे रसोई साफ रहती है, दीवारों और छत पर तेल जमा नहीं होता और घर में गंध भी नहीं फैलती है. लेकिन अगर आप एक चिमनी खरीदने जा रहे हैं, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए, नहीं तो आपकी मेहनत और पैसा दोनों बर्बाद हो सकते हैं.

किचन के साइज के हिसाब से साइज
अगर आपकी रसोई छोटी है तो 60 सेंटीमीटर तक की चिमनी काफी होगी. अगर रसोई बड़ी है, तो आपको 90 सेंटीमीटर या उससे थोड़ी बड़ी चिमनी की जरूरत होगी. छोटे किचन में बड़ी चिमनी लगाने से बेवजह जगह घिरेगी, इसलिए साइज हमेशा किचन के हिसाब से ही चुनें.

सही फिल्टर चुनना है जरूरी
चिमनी में बाफल (Baffle), कैसेट और कार्बन नाम के अलग-अलग तरह के फिल्टर आते हैं. इंडियन किचन के लिए बाफल फिल्टर सबसे सही माना जाता है. यह लंबा चलता है और इसका मेंटेनेंस खर्च भी कम होता है क्योंकि यह तेल को अच्छी तरह फंसा लेता है.

ऑटो-क्लीन फीचर वाली चिमनी:
चिमनी खरीदने के बाद उसे साफ करना एक बड़ा झंझट होता है. इससे बचने के लिए अब ऑटो-क्लीन फीचर वाली चिमनियां आने लगी हैं. इनमें जमा तेल अपने आप हट जाता है. यह चिमनी थोड़ी महंगी जरूर होती है, लेकिन इससे बार-बार चिमनी साफ करने की मेहनत बच जाती है और आपकी रसोई हमेशा तेल की भाप से फ्री रहती है.

टच कंट्रोल पैनल
पुरानी चिमनियों में फैन की स्पीड कम या ज्यादा करने का ऑप्शन नहीं होता था. नई चिमनियों में टच कंट्रोल पैनल दिया जाता है. इसकी मदद से आप फैन की स्पीड को कंट्रोल कर सकते हैं कम या ज्यादा कर सकते हैं. साथ ही टाइमर भी सेट कर सकते हैं जिससे खाना बनाने में सुविधा होती है.