NASA पर लगा ‘ताला’! अंतरिक्ष में फंसे एस्ट्रोनॉट्स, क्या है दुनिया सबसे बड़ी स्पेस एजेंसी के बंद होने की वजह?

Why NASA Shuts Down: अमेरिका की सबसे बड़ी स्पेस एजेंसी नासा (NASA) एक बार फिर आंशिक शटडाउन की स्थिति में पहुंच गई है. अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षा और पहले से चल रहे मिशन भले ही जारी रहें, लेकिन बाकी ज्यादातर कामकाज पर ब्रेक लग गया है. इसका असर न केवल रिसर्च और नए मिशन की तैयारी पर पड़ा है बल्कि आम लोगों के साथ एजेंसी का जुड़ाव भी प्रभावित हुआ है.

दरअसल यह शटडाउन नासा की मर्जी से नहीं बल्कि अमेरिकी कानून के तहत हुआ है. जब भी बजट को लेकर राजनीतिक गतिरोध बढ़ता है, तब गैर-जरूरी कामकाज रोकना पड़ता है. नासा जैसी महत्वपूर्ण संस्था भी इससे अछूती नहीं रह पाती. यही वजह है कि हर बार इस तरह के रुकावटों से वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों की मेहनत पर पानी फिर जाता है.

एस्ट्रोनॉट्स की सुरक्षा बनी प्राथमिकता
नासा ने साफ किया है कि स्पेस स्टेशन पर मौजूद एस्ट्रोनॉट्स और चल रहे अंतरिक्ष मिशनों की सुरक्षा में कोई ढील नहीं दी जाएगी. उनकी निगरानी और सपोर्ट सिस्टम लगातार सक्रिय रहेंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके.

रुकी रिसर्च और मिशन की तैयारी
शटडाउन की सबसे बड़ी मार रिसर्च और नए मिशनों पर पड़ी है. वैज्ञानिक प्रयोग, डेटा एनालिसिस और भविष्य की स्पेस फ्लाइट की तैयारियां रोक दी गई हैं. इसका मतलब है कि अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े कई अहम काम फिलहाल ठंडे बस्ते में चले गए हैं.

जनता से दूरी
नासा हमेशा से सोशल मीडिया और पब्लिक इवेंट्स के जरिए आम जनता से जुड़ा रहा है. लेकिन शटडाउन के कारण अब पब्लिक आउटरीच, एजुकेशन प्रोग्राम और मीडिया अपडेट्स पर भी ताला लग गया है. यह सीधे तौर पर नासा की विश्वसनीयता और छवि पर असर डालता है.

क्यों बार-बार होता है ऐसा?
असल में, अमेरिकी राजनीति में जब बजट पर सहमति नहीं बन पाती तो सरकारी एजेंसियों को फंडिंग रुक जाती है. ऐसे में जरूरी सेवाएं छोड़कर बाकी काम रोकना मजबूरी हो जाता है. नासा के आंशिक शटडाउन से यह साफ होता है कि वैज्ञानिक अनुसंधान और स्पेस प्रोग्राम किस तरह राजनीतिक खींचतान की चपेट में आ जाते हैं.