6 मिनट के लिए अंधेरे में डूब जाएगी धरती! 100 साल में पहली बार होने जा रहा ऐसा चमत्कार

2 अगस्त 2027 ये तारीख दुनिया के खगोल विज्ञान इतिहास में दर्ज होने वाली है. धरती के कई हिस्सों में दिन के उजाले में अचानक अंधेरा छा जाएगा, तापमान गिर जाएगा, आकाश में तारे दिखने लगेंगे और कुछ मिनटों के लिए ऐसा लगेगा मानो पृथ्वी ने अपनी धड़कन रोक ली हो. वजह, 21वीं सदी का सबसे लंबा सूर्यग्रहण, जो पूरे 6 मिनट 23 सेकंड तक गहरा अंधेरा फैलाएगा. वैज्ञानिक कह रहे हैं कि ऐसा नजारा बीते 100 साल में नहीं देखा गया था, और अगली बार भी इतनी लंबी अवधि वाला पूर्ण सूर्यग्रहण आसानी से नहीं देखने को मिलेगा.

इस दिन चांद पूरी तरह सूरज को ढक लेगा. दोपहर जैसा उजाला अचानक सांझ में बदल जाएगा. तापमान 5 से 10 डिग्री तक गिर सकता है, हवाओं की दिशा बदल सकती है और पक्षियों सहित कई जीवों में असामान्य व्यवहार देखा जा सकता है. पूर्ण सूर्यग्रहण के दौरान सूरज की पेल कोरोना, डायमंड रिंग इफेक्ट, और चमकते ग्रह शुक्र, बुध और कुछ तारे भी दिखाई देंगे.

दुनिया के कौन-कौन से देश डूब जाएंगे अंधेरे में?

इस ग्रहण की शुरुआत अटलांटिक महासागर से होगी और पृथ्वी की सतह पर इसका गहरा साया सबसे पहले जिब्राल्टर स्ट्रेट के पास पड़ेगा. इसके बाद ये अंधेरा जिन देशों को छूता जाएगा, वे हैं दक्षिणी स्पेन, मोरक्को, अल्जीरिया, ट्यूनिशिया, लीबिया, मिस्र और फिर मध्य-पूर्व के कुछ इलाके… इन क्षेत्रोें में सूर्य पूरी तरह छिप जाएगा और लगभग साढ़े छह मिनट के लिए गहरा अंधेरा छा जाएगा. अमेरिका और दक्षिण अमेरिका के बड़े हिस्से जैसे ब्राजील इस घटना का कोई भी हिस्सा नहीं देख पाएंगे.

वैज्ञानिक क्यों कह रहे ये मौका हाथ से न जाने दें
वैज्ञानिकों के मुताबिक पूर्ण सूर्यग्रहण हर 18 महीने में एक बार होता है, लेकिन इतने लंबे समय तक चलने वाले ग्रहण बहुत दुर्लभ हैं. 2027 का ग्रहण इसलिए भी खास है क्योंकि यह अत्यधिक आबादी वाले और आसानी से पहुंच वाले देशों से गुजरता है. खगोल अध्ययन, तापमान परिवर्तन और पशु व्यवहार पर शोध के लिए यह आदर्श घटना है. कोरोना यानी सूर्य की बाहरी परत का अध्ययन इतना साफ़ और लंबा मौका शायद दशकों तक फिर न मिले. दुनिया भर के वैज्ञानिक, शोध संस्थान और स्पेस एजेंसियां इसे एक वैज्ञानिक प्रयोगशाला जैसी लाइव घटना मान रही हैं.

मिनट-दर-मिनट क्या होगा?
शुरुआत (पहला स्पर्श): ग्रहण शुरू होने से 60–80 मिनट पहले चांद सूरज के किनारे को छूना शुरू कर देगा.
धीरे-धीरे उजाला कम होगा: कुछ ही देर में सूरज एक पतली सी दरार जैसा दिखने लगेगा.
अचानक रोशनी गायब हो जाएगी और तापमान गिर जाएगा. हालांक‍ि तारे दिखाई देंगे.
सूरज के चारों ओर दूधिया छल्ला (कोरोना) उभर आएगा
ये कालाजादू 6 मिनट 23 सेकंड तक चलेगा
अगले एक घंटे में सूरज धीरे-धीरे दिखाई देने लगेगा और माहौल सामान्य हो जाएगा.
इस पूरे समय को दुनिया भर की वेधशालाएँ रिकॉर्ड करेंगी.
क्या भारत में दिखेगा ये महाअंधेरा?
भारत उस नैरो पाथ ऑफ टोटैलिटी में नहीं आता, जहां पूरा सूरज छिपता है. हालांकि, भारत के कुछ हिस्सों में आंशिक सूर्यग्रहण दिख सकता है, लेकिन वह भी बहुत सीमित. पूर्ण सूर्यग्रहण का सबसे शानदार दृश्य देखने के लिए लोगों को स्पेन, मोरक्को, मिस्र या मध्य-पूर्व के चुने हुए शहरों में जाना पड़ेगा.

क्यों होगा इतना लंबा अंधेरा?
इतनी लंबी अवधि का पूर्ण सूर्यग्रहण तभी होता है जब पृथ्वी और चंद्रमा की दूरी आदर्श अनुपात में हो. चांद अपनी कक्षा के पेरिजी (पृथ्वी के सबसे नजदीक बिंदु) के आसपास हो. ग्रहण की छाया पृथ्वी की सतह पर सीधे कोण से पड़े. इन दुर्लभ संयोगों के कारण 2027 का ग्रहण असाधारण रूप से लंबा होने जा रहा है.

क्या खतरनाक हो सकता है यह ग्रहण?
पूर्णता के दौरान नंगी आंखों से देखने पर कोई खतरा नहीं है. लेकिन पहले चरण, बाद के चरण और आंशिक ग्रहण को बिना फिल्टर के आंखों से देखना बेहद खतरनाक हो सकता है. इसलिए विशेषज्ञ सोलर फिल्टर, प्रोटेक्टिव ग्लास, प्रमाणित सोलर व्यूइंग गॉगल्स, का उपयोग करने की सलाह दे रहे हैं.

2027 के बाद इतना लंबा सूर्यग्रहण कब?
NASA के रिकॉर्ड बताते हैं कि अगली बार इतना लंबा अंधेरा 22वीं सदी में देखने को मिल सकता है. इसलिए यह अवसर “इस पीढ़ी का सबसे बड़ा खगोलीय प्रदर्शन” माना जा रहा है. नतीजा 2 अगस्त 2027 का 6 मिनट का वो अंधेरा जो इतिहास बन जाएगा. धरती के बड़े हिस्से पर दिन में छाया अंधेरा, सूरज का गायब होना, आकाश में चमकते ग्रह और प्रकृति की सांसों में अचानक बदलाव, ये सब मिलकर 2027 का सूर्यग्रहण इंसानों की जिंदगी में एक जादुई, अद्भुत और वैज्ञानिक रूप से अनमोल क्षण बना देगा. दुनिया भर की नजरें इसी दिन पर टिकी हैं क्योंकि ऐसा नजारा शायद फिर हमारी पीढ़ी को देखने न मिले.