चोरी हुए फोन को तुरंत करें ट्रैक, ये सरकारी वेबसाइट वापस दिलाएगी आपका डिवाइस, जानें सबसे आसान तरीका

Report & Trace Lost Phone: मोबाइल फोन का खो जाना किसी बड़ी परेशानी से कम नहीं है, लेकिन भारत सरकार ने इस समस्या का ऐसा समाधान निकाला है. दूरसंचार विभाग (DoT) के तहत सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (C-DOT) द्वारा शुरू किया गया Sanchar Saathi Portal आपके चोरी हुए या खोए हुए फोन को ट्रैक, ब्लॉक और उसे वापस पाने में काफी मदद कर सकता है.

Sanchar Saathi Portal कैसे काम करता है?
इस पोर्टल का खास सिस्टम CIER है. इस सिस्टम की मदद से सरकार अब तक लाखों लोगों के स्मार्टफोन को ब्लॉक कर चुकी है और जानने वाली बात यह है कि 4 लाख से ज्यादा फोन को उनके असली मालिकों को वापस मिल चुके हैं.

C-DOT का कहना है कि फोन को तेजी से वापस पाने के लिए जल्द से जल्द रिपोर्ट करना जरूरी है. जितनी जल्दी आप पोर्टल पर शिकायत दर्ज करेंगे सिस्टम उतनी ही तेजी से डिवाइस को ट्रैक भी कर पाएंगे.

चोरी/ खोया हुआ फोन ट्रैक और रिकवर कैसे करें?
अगर आपका फोन चोरी या खो गया है, तो आपको तुरंत इन तीन स्टेप्स को फॉलो करना चाहिए. सबसे पहले अपने टेलीकॉम प्रोवाइडर से अपने नंबर का डुप्लीकेट सिम कार्ड लें. फोन खोने की पुलिस में शिकायत दर्ज करें. साथ ही संचार साथी पोर्टल पर जाएं.
– सबसे पहले https://www.ceir.gov.in/ ओपन करें.
– अब होमपेज पर “Block/Stolen mobile” के ऑप्शन पर क्लिक करें.
– अगले पेज पर फोन का IMEI नंबर, शिकायत की पूरी जानकारी, आधार लिंक्ड पता और कोई अल्टरनेटिव कॉन्टैक्ट नंबर भरें.
– रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद, सिस्टम तुरंत पुलिस, साइबर क्राइम यूनिट्स और टेलीकॉम ऑपरेटर्स को अलर्ट भेज देता है.
– यदि चोरी या फिर खोया हुआ फोन उसी या किसी नए सिम से इस्तेमाल होता है, तो नेटवर्क पर तुरंत अलर्ट ट्रिगर होता है जिससे सिस्टम फोन को ट्रैक कर लेता है.

किस शहर में सबसे ज्यादा मामले?
CIER पोर्टल के डेटा के अनुसार, दिल्ली (NCR) में 7.9 लाख से भी ज्यादा मामलों के साथ यह सबसे ऊपर है. इसके बाद महाराष्ट्र में 4.18 लाख मामले और कर्नाटक में 3.90 लाख केस सामने आए है. वहीं सबसे कम केवल 11 केस लक्षद्वीप में है.