मुजफ्फरनगर। Shrikant Tyagi Case: नोएडा में श्रीकांत त्यागी प्रकरण को लेकर क्षेत्रीय त्यागी समाज की ओर से भाजपा सांसद महेश शर्मा और सपा प्रवक्ता सुनील साजन के विरोध में धरना प्रदर्शन किया गया। इसके बाद उन्होंने नायब तहसीलदार को मांग पत्र सौंपा। चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ही इन दोनों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं तो क्षेत्र का त्यागी समाज थाना मंसूरपुर में धरना प्रदर्शन शुरू कर देगा।
बुधवार को राखी पब्लिक स्कूल पुलिस चौकी पर क्षेत्रीय त्यागी समाज के अध्यक्ष ईश्वर चंद त्यागी ने भाजपा सांसद पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह पूरा प्रकरण राजनीतिक उद्देश्य साधने के लिए तय षड्यंत्र था। इसमें श्रीकांत त्यागी को इसमें फंसाया गया है। सपा प्रवक्ता सुनील साजन ने त्यागी समाज के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया है। नोएडा प्रशासन की ओर से श्रीकांत त्यागी की पत्नी और बच्चों के साथ की गई उत्पीड़नात्मक कार्रवाई की निंदा की गई। मौके पर पहुंचे खतौली नायब तहसीलदार अर्जुन सिंह को ज्ञापन देकर भाजपा सांसद और सपा प्रवक्ता के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की गई।