UP New State Highway: नए साल पर अलीगढ़ और हाथरस वालों को बड़ा तोहफा मिला है. इन दोनों जनपदों के बीच स्टेट हाईवे का निर्माण किया जाएगा. लोक निर्माण विभाग ने इस स्टेट हाईवे के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करके सरकार को भेज दिया है.
नए स्टेट हाईवे का प्रस्ताव तैयार
आबादी और यातायात घनत्व को देखते हुए अलीगढ़ से सासनी होते हुए संभल के लिए नए स्टेट हाईवे का प्रस्ताव बनाया गया है. मौजूदा वक्त में यह सभी अतिरिक्त जिला मार्ग है. जिनकी चौड़ाई के साथ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को भी शामिल किया गया है.
क्यों लिया गया ये फैसला?
नया स्टेट हाईवे एनएच-509 और एनएच-32 को जोड़ते हुए संभल जाएगा. इस स्टेट हाईवे के बनने के बाद आगरा और हाथरस वालों को संभल जाने के लिए अलीगढ़ नहीं जाना पड़ेगा. अलीगढ़ और हाथरस जनपद में सड़कों पर ट्रैफिक का बढ़ता दबाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया है.
चार जिलों की दूरी होगी कम
81.41 किलोमीटर के नए स्टेट हाईवे से चार जिलों की दूरी कम हो जाएगी. अब तक संभल जाने के लिए अलीगढ़, अतरौली होते हुए संभल जाना पड़ता है. जिसकी दूरी 105 किलोमीटर से ज्यादा है. अभी ढाई घंटे से ज्यादा का समय लगता है, लेकिन नया स्टेट हाईवे बनने के बाद अलीगढ़ वालों को एक से डेढ़ घंटे में संभल पहुंच जाएंगे.
नया अलीगढ़ संभल स्टेट हाईवे
सासनी, हाथरस और आगरा वालों को अब अलीगढ़ आने की जरुरत नहीं होगी. सासनी होते हुए नए स्टेट हाईवे से संभल पहुंच जाएंगे. बताया जा रहा है कि नए अलीगढ़ संभल स्टेट हाईवे को लेकर जो प्रस्ताव तैयार किया है, उसमें सड़क को दस मीटर चौड़ा होगा. मौजूदा वक्त में ओडीआर मार्गों की चौड़ाई कहीं पांच मीटर तो कहीं उससे कम है.
जमीन अधिग्रहण की तैयारी
नए मानक के हिसाब से सड़क की चौड़ाई होगी. अलीगढ़, सासनी और संभल की सीमा में जमीन अधिग्रहण भी शामिल है. जिन जगहों पर सड़क के चौड़ीकरण की जरूरत पड़ेगी. वहां जमीन ली जाएगी. इसे प्रस्ताव में शामिल किया गया है.
ये रूट किया गया है प्रस्तावित
प्रस्ताव में हाथरस जनपद में सासनी अकराबाद, सासनी रेलवे फीडर मार्ग, सासनी नानऊ मार्ग, अलीगढ़ में नानऊ दादों मार्ग, दादों सांकरा मार्ग, सांकरा मिठनपुर मार्ग, सांकरा से भावरुखेड़ा गंगा नदी और संभल में मेरठ बदायूं मार्ग के किलोमीटर 159 से घोसी का राजा मार्ग, मिठनपुर से बैरपुर संभल मार्ग शामिल है.
स्टेट हाईवे के बाद एनएच में मार्ग तब्दील
रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टेट हाईवे की लंबाई अलीगढ़ में 52.82 किलोमीटर, हाथरस में 14 किलोमीटर और संभल में 14.59 किलोमीटर है. जबकि, अलीगढ़ संभल स्टेट हाईवे एनएच-509 और एनएच-32 को पार करते हुए जाएगा. स्टेट हाईवे के बाद एनएच में मार्ग तब्दील हो सकता है. इसकी जानकारी लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने दी है.