यूपी के चंदौली जिले में 28 साल बाद अपना अपना पहला रोडवेज बस डिपो मिलने जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले के लिए बड़े प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है. शासन ने बस डिपो निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है. आइए जानते हैं इस बस डिपो के मिलने से क्या फायदा होगा और विस्तार से इसके बारे में.
22 करोड़ आएगी लागत
लगभग 22 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक बस डिपो सदर ब्लॉक के विछिया गांव में धरना स्थल के पीछे चार एकड़ भूमि पर तैयार होगा. बस डिपो में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चार्जिंग पॉइंट, यात्री ठहराव, साफ-सुथरे आधुनिक शौचालय तथा अन्य सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
मिलेगी बेहतर सुविधा
अब तक चंदौली में रोडवेज का अपना बस डिपो न होने के कारण बसों का संचालन वाराणसी कैंट डिपो से किया जाता था, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा होती थी. नए डिपो के निर्माण से न सिर्फ जिले के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी, बल्कि पूर्वी बिहार के कैमूर और रोहतास जनपद के यात्रियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा.
विधायक ने जताया आभार
विधायक रमेश जायसवाल ने रोडवेज अधिकारियों के साथ प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया और इसे जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बस डिपो चंदौली जैसे अति-पिछड़े जनपद के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.