मिर्जापुर। यूपी के मिर्जापुर स्थिति मां विंध्यवासिनी मंदिर को सोमवार की रात लगभग एक बजे बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस महकमा अलर्ट हो गया। भारी पुलिस फोर्स, बम डिस्पोजल, डाग स्क्वायड समेत अन्य खुफिया एजेंसियों मंदिर परिसर को खंगाला। फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इससे पहले यूपी विधानसभा को उड़ाने की धमकी मिली। उधर, प्रयागराज पुलिस ने सूचना देने वाले युवक को हिरासत में ले लिया है। जांच में पता चला कि युवक की मानसिक हालत ठीक नहीं है।
एसएसपी सोमेन बर्मा ने बताया कि रात लगभग एक बजे लखनऊ कंट्रोल रूम से पीआरवी पर सूचना मिली कि विंध्याचल मंदिर में बम लगा दिया गया है। मंदिर पर आतंकवादी हमला हो सकता है। एसएसपी ने बताया कि यह सूचना प्रयागराज से एक युवक ने लखनऊ कंट्रोल रूम को दी थी। उसके बाद जानकारी विंध्याचल पीआरवी को दी गई। प्रयागराज पुलिस से संपर्क किया गया तो वहां की पुलिस ने सिविल लाइन में हनुमान मंदिर के पीछे रहने वाले एक 40 वर्षीय युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। एसएसपी के अनुसार जांच में पता चला कि पकड़ा गया युवक 20 वर्ष से मानसिक रूप से बीमार है। वह अपनी मां के साथ रहता है।
इससे पहले दिल्ली विस्फोट कांड के 14वें दिन और अयोध्या में आयोजित होने वाले धर्म ध्वजा कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर लुलु मॉल के बाथरूम में सोमवार को धमकी भरा पत्र मिला। इसमें चारबाग स्टेशन समेत शहर की प्रमुख इमारतों, विधान भवन, लोक भवन, एयरपोर्ट और स्कूलों को उड़ाने की धमकी दी गई। लिखा था कि 24 घंटे के अंदर शहर में तबाही मचेगी। बचा सकते हो तो बचा लो। इसके बाद पूरे शहर को हाई अलर्ट कर दिया गया।