अखिलेश बोलेः भारत में भी होंगे नेपाल जैसे हालात, जनता सड़कों पर…

लखनऊ: पड़ोसी देश नेपाल में करप्ट सरकार और सोशल मीडिया बैन को लेकर जेन जी ने भारी प्रदर्शन करना शुरू कर दिया था। हालांकि, अब सब काबू में है और अब अंतरिम पीएम को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस कर बड़ा बयान देते हुए कहा कि नेपाल जैसे हालात भारत में भी पैदा हो सकते हैं। उन्होंने सरकार और चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाया और अयोध्या चुनाव में बाहरी लोगों के शामिल होने की बात कही।

सपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश से पूछा गया कि श्रीलंका, बांग्लादेश के बाद नेपाल में आंदोलन हुआ। क्या वह ऐसी स्थिति भारत में देखते हैं? इस सवाल के जवाब में यूपी के पूर्व सीएम ने कहा कि पहली प्राथमिकता यह होनी चाहिए कि पड़ोसी देशों और सीमाओं पर शांति हो। भारत सरकार कई बार अपनी विदेश नीति में असफल रही है। ये हमने देखा है।

“भारत में भी वोट की डकैती जारी रही तो…”
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब अखिलेश से भारत में चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि अगर ये वोट चोरी से नहीं जीते, तो रिवाल्वर लगाकर जीते। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कुंदरकी चुनाव में जिलाधिकारी और कमिश्नर को निर्देशित किया गया था। रामपुर में चुनाव छीना गया। मीरापुर, अयोध्या में एक मंत्री का आदमी पकड़ा गया था। उन्होंने यह भी कहा कि अगर चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं रहा और “वोट की डकैती” होती रही तो भारत भी उन देशों की तरह बन सकता है।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार की पहली प्राथमिकता यह होनी चाहिए कि हमारे पड़ोसी देशों और हमारी सीमाओं पर शांति बनी रहे। जैसा कि हम देख चुके हैं, भारत सरकार अपनी विदेश नीति में कई बार असफल रही है। उनकी आंतरिक राजनीति में क्या हुआ, इस बारे में कई कहानियां सामने आती रहती हैं और सोशल मीडिया के जमाने में तो कोई सीमाएं ही नहीं हैं। हम सिर्फ एक नजरिए से देखकर कोई फैसला नहीं कर सकते।