लखनऊ। उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है। यहां 25 करोड़ से अधिक लोग रहते हैं। इतनी बड़ी आबादी वाले प्रदेश में आम जनता को रोजाना सरकारी दफ्तरों और अधिकारियों से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कई बार ऐसा होता है कि अफसर शिकायतें अनसुनी कर देते हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है।
लोग खुद को असहाय महसूस करने लगते हैं, क्योंकि उनको कोई समाधान नहीं दिखता है। अब ऐसे लोगों की सीधी पहुंच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक होगी। सीएम योगी आम लोगों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से लेते हैं। ऐसे में इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे कि कैसे आप सीएम योगी से सीधे अपनी शिकायत पहुंचा सकते हैं।
सीएम हेल्पलाइन नंबर 1076
जनता की शिकायतों और सुझावों को सीधे दर्ज करने के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 जारी किया गया है। यह टोल फ्री नंबर है, जिस पर कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या दर्ज कर सकता है। शिकायत दर्ज करने के बाद आपको एक नंबर मिलता है, जिससे आप स्टेटस जान सकते हैं। सीएम योगी का निर्देश है कि अधिकतर मामलों का निपटारा 3 से 4 दिन के भीतर होना चाहिए और देरी होने पर अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय के संपर्क नंबर
अगर, आप सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय से संपर्क करना चाहते हैं, तो लोक भवन के नंबर 0522-2289017, 0522-2289010, 0522-2289167, 0522-2239234 और एनेक्सी भवन के नंबर 0522-2235735 या 0522-2236119 पर कॉल कर सकते हैं। मुख्यमंत्री निवास के नंबर 0522-2236838 या 0522-2239573 पर भी संपर्क संभव है।
ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने का विकल्प
कॉल के अलावा नागरिक IGRS पोर्टल (जन सुनवाई पोर्टल) पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकते हैं। यह व्यवस्था जिला स्तर तक लागू है। शिकायत सीधे डीएम तक पहुंचती है और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाता है।