उत्तर प्रदेश में एक बार फिर कोहरे ने वापसी कर ली है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र ने 9 फरवरी को प्रदेश के कई जिलों में घने से अत्यंत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है. खासतौर पर तराई और पूर्वी यूपी के इलाकों में सुबह के समय दृश्यता काफी कम रहने की संभावना जताई गई है.
लखनऊ का मौसम
लखनऊ में सोमवार 9 फरवरी को न्यूनतम तापमान लगभग 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि दिन में तापमान सामान्य बना रहेगा, जो अधिकतम 26 डिग्री तक जा सकता है. दिन में धूप निकलने से मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह शाम धुंध और कोहरा रहने का आसार हैं.
इन इलाकों में कोहरे का अलर्ट
तराई और मैदानी इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान कोहरे का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा. गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, बरेली और पीलीभीत सहित आसपास के जिलों में अत्यंत घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में सुबह के समय सड़कों पर चलने वाले वाहनों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
लखनऊ में हवा की गुणवत्ता
हवा की गुणवत्ता की स्थिति भी फिलहाल संतोषजनक से मॉडरेट श्रेणी में बनी हुई है. कुछ इलाकों में AQI मध्यम स्तर पर दर्ज किया गया, जबकि कई क्षेत्रों में हवा अपेक्षाकृत साफ रही. रविवार शाम लखनऊ का औसत AQI 178 दर्ज किया गया.
कैसे रहेंगे आने वाले दिन
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, तेज पछुआ हवाओं के सक्रिय होने के बाद घने कोहरे का दौर धीरे-धीरे खत्म होगा. अगले 2 से 3 दिनों में प्रदेश में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है. हालांकि सुबह और शाम की ठंड फिलहाल लोगों को सताती रहेगी.