बस्ती। उत्तर प्रदेश पुलिस के एक दरोगा के साथ ऐसी घटना हुई है जिससे पूरे महकमे में लोग हैरान रह गए हैं। बस्ती जिले के परसरामपुर थाने से तीन दिन पहले लापता हुए अजय कुमार गौड़ नाम के इस दरोगा की लाश अयोध्या कोतवाली के दर्शन नगर पुलिस चौकी के तिहुरा माझा क्षेत्र में सरयू नदी में उतराती मिली है। वर्दी में मिली लाश की शिनाख्त होते ही बस्ती से सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह, एसओ परसरामपुर विश्वमोहन राय के साथ ही उनके परिजन अयोध्या रवाना हो गए। उनकी बाइक बस्ती में कुआनो स्थित अमहट घाट के पास खड़ी मिली थी।
जिस कारण नदी में डूबने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ गोरखपुर की मदद से कुआनो नदी में दो दिनों से सर्च अभियान चला रही थी। परसरामपुर थाने में दरोगा की पत्नी रंजीता की तहरीर पर गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज है। शव मिलने की सूचना पर थाने में शोक की लहर दौड़ गई तो परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। 2016 बैच के दरोगा अजय कुमार गौड़ मूलरूप से देवरिया जिले के कोतवाली थानांतर्गत मूड़ाडीह के निवासी थे। उन्होंने बस्ती कोतवाली के मिश्रौलिया मोहल्ले में एक किराए का मकान ले रखा है। यहां उनकी पत्नी रंजीता गौड़ दोनों बच्चों के साथ रहती हैं।
पत्नी ने परसरामपुर थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके पति परसरामपुर में एसएसआई के पद पर कार्यरत थे। लगभग हर रोज फोन से उनकी अपने पति से बात होती है। पिछले पांच फरवरी को दिन में करीब तीन बजे पति से बातचीत हुई थी। फिर जब रात में करीब नौ बजे फोन किया तो मोबाइल बंद मिला। अगले दिन सुबह फिर फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद था। इससे परेशान होकर उन्होंने थाने के एक सिपाही से बात की तो पता चला कि वह गुरुवार की शाम से ही लापता हैं।
इसके बाद इसकी जानकारी उन्होंने परिजनों को देने के साथ ही नात-रिश्तेदारी में भी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। इस बीच एसआई अजय की बाइक अमहट बस्ती के पास मिली थी। परसरामपुर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर दरोगा की तलाश में जुटी है। लापता दरोगा के पिता ने अपहरण की भी आशंका जताई थी। इधर घटना के चौथे दिन लापता दरोगा का शव अयोध्या स्थित सरयू नदी में बरामद कर लिया गया।