यूपी मुख्य आरक्षी मोटर परिवहन परीक्षा की उत्तरकुंजी हुई जारी

UPPRPB Recruitment: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) ने मुख्य आरक्षी मोटर परिवहन के 176 रिक्त पदों के लिए 5 अक्तूबर 2025 को आयोजित विभागीय लिखित परीक्षा की प्रश्न पुस्तिका और उत्तरकुंजी अपनी आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जारी कर दी है। अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर अपना रोल नंबर और जन्मतिथि भरकर अपनी प्रश्न पुस्तिका और उत्तरकुंजी देख सकते हैं।

आपत्ति दर्ज करने की अवधि 9 अक्तूबर 2025 से 12 अक्तूबर 2025 की मध्यरात्रि तक है। एक बार आपत्ति दर्ज करने के बाद दूसरी बार आपत्ति नहीं दर्ज कराई जा सकेगी। इसलिए अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि आपत्ति दर्ज करने से पहले सावधानीपूर्वक अपनी प्रश्न पुस्तिका और उत्तरकुंजी की जांच कर लें।

3690 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
उक्त लिखित परीक्षा में कुल 3690 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया और परीक्षा सफलतापूर्वक पूरी हुई। परीक्षा के दौरान दो अभ्यर्थियों को अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पाया गया, उनकी उम्मीदवारी तुरंत रद्द कर दी गई और सक्षम अधिकारी को इसकी रिपोर्ट भेजी गई। रिपोर्ट मिलने के बाद दोनों अभ्यर्थियों को निलंबित कर दिया गया और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

आपत्ति दर्ज करने का तरीका
अभ्यर्थी बोर्ड की वेबसाइट पर दी गई प्रश्न पुस्तिका और उत्तरकुंजी ध्यान से देख लें। यदि किसी प्रश्न या उत्तर में कोई गलती लगे, तो आपत्ति दर्ज करते समय स्रोत या संदर्भ देना जरूरी है। साथ ही आपत्ति का सबूत/दस्तावेज अपलोड करना होगा। केवल वेबसाइट पर दर्ज की गई आपत्ति ही मान्य होगी, अन्य माध्यमों से भेजी गई आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।

समस्या आने पर यहां करें संपर्क
बोर्ड ने कहा है कि, हालांकि प्रश्न पुस्तिका और उत्तरकुंजी वेबसाइट पर अपलोड करने में पूरी सावधानी बरती गई है, फिर भी किसी प्रकार की तकनीकी त्रुटि के लिए बोर्ड जिम्मेदार नहीं होगा। साथ ही, अगर किसी त्रुटि के कारण अंकन में गलती हो, तो इसका किसी अभ्यर्थी को कोई लाभ या अधिकार नहीं मिलेगा।

यदि अभ्यर्थियों को डेटा देखने में कोई दिक्कत आती है, तो वे हेल्पलाइन नंबर 8977041730 पर संपर्क कर सकते हैं। यह हेल्पलाइन 12 अक्तूबर 2025 की मध्यरात्रि तक उपलब्ध रहेगी।