यूपी में जनगणनाः आपके घर आ सकती है टीम-जानें क्या-क्या करें तैयारी

लखनऊ। जनगणना 2027 की प्रदेश में शुरुआत होने जा रही है। इस बार डिजिटल जनगणना में किसी के घर आने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सात मई से लोग खुद अपने मोबाइल या कंप्यूटर से घर बैठे जनगणना की पूरी जानकारी भर सकेंगे। यह पहली बार हो रहा है जब सरकार ने स्व-गणना की सुविधा शुरू की है, जिससे प्रक्रिया आसान, तेज और पारदर्शी बनेगी।

जनगणना के पहले चरण में 21 मई तक स्वगणना की सुविधा रहेगी। इसके बाद 22 मई से 20 जून तक प्रगणक घर- घर जाकर जनगणना के 33 सवाल पूछेंगे और स्वगणना का सत्यापन भी करेंगे। जो व्यक्ति जहां रहता है उसकी गणना वहीं की जाएगी।

स्वगणना करने वाले लोग आनलाइन पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार और घर से जुड़ी सभी जानकारी खुद भर सकेंगे। इसमें सबसे पहले पोर्टल पर जाकर राज्य का चयन करना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी (वैकल्पिक) दर्ज कर पंजीकरण करना होगा। एक मोबाइल नंबर से सिर्फ एक ही परिवार का रजिस्ट्रेशन हो सकेगा।

पंजीकरण के बाद मोबाइल पर आए ओटीपी से सत्यापन करना होगा। इसी दौरान अपनी पसंद की भाषा भी चुननी होगी, जिसे बाद में बदला नहीं जा सकेगा। इसके बाद अपने घर का पूरा पता भरना होगा, जिसमें जिला, पिन कोड और स्थानीय जानकारी शामिल होगी। साथ ही मानचित्र पर लाल मार्कर को खींचकर अपने घर की सटीक लोकेशन भी तय करनी होगी।

स्व-गणना के दौरान मकान और परिवार से जुड़े सभी सवालों के जवाब देने होंगे। लोगों की सुविधा के लिए पोर्टल पर हर सवाल के साथ समझाने के लिए टूलटिप्स भी दिए गए हैं। सारी जानकारी भरने के बाद ‘प्रिव्यू’ के जरिये पूरा फार्म देखा जा सकेगा और जरूरत होने पर सुधार भी किया जा सकता है। लेकिन एक बार फाइनल सबमिट करने के बाद कोई बदलाव नहीं होगा।

आनलाइन फार्म जमा होते ही 11 अंकों की स्व-गणना पहचान संख्या (एसईआइडी) जारी होगी, जो एसएमएस या ई-मेल के जरिए मिलेगी। स्वगणना के बाद 22 मई से 20 जून तक प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे। जिन्होंने पहले ही आनलाइन जानकारी भर दी है, उन्हें अपना एसईआइडी दिखाना होगा। यदि जानकारी सही पाई जाती है, तो उसे तुरंत स्वीकार कर लिया जाएगा।

ऐसे सवालों के देने होंगे जवाब

स्वगणना व जनगणना के पहले चरण में नागरिकों को 33 सवालों के जवाब देने हैं। इन सवालों में भवन नंबर, मकान के फर्श, दीवार, छत, मकान रहने योग्य या जीर्णशीर्ण, परिवार क्रमांक, संबंधित परिवार में रहने वाले व्यक्तियों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, लिंग, मकान के स्वामित्व की स्वामित्व की स्थिति यानी किराए पर या खुद का भवन, परिवार के पास रहने के लिए कमरे, पेयजल का मुख्य स्रोत, प्रकाश का स्रोत, शौचालय की उपलब्धता, गंदे पानी की निकासी, परिसर में स्नान की सुविधा, रसोई घर व एलपीजी- पीएनजी गैस कनेक्शन, रेडियो, टीवी, स्मार्टफोन, इंटरनेट की सुविधा, लैपटाप-कंप्यूटर, साइकिल, मोटरसाइकिल, कार, मुख्य अनाज के साथ जनगणना संबंधित संपर्क के लिए मोबाइल नंबर आदि का विवरण है।