यूपी बोर्ड रिजल्ट कब आएगा? खत्म होने वाला है इंतजार, upmsp.edu.in पर रखें नजर

नई दिल्ली (UP Board Result 2026). यूपी बोर्ड के नतीजों का इंतजार कर रहे लाखों स्टूडेंट्स और उनके अभिभावकों के लिए यह समय किसी खेल के फाइनल मैच जैसा है. उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) की परीक्षाएं न केवल भारत, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी शैक्षणिक परीक्षाओं में गिनी जाती हैं. हर साल करीब 50 से 55 लाख स्टूडेंट्स यूपी बोर्ड परीक्षा देते हैं. यूपी बोर्ड 10वीं, 12वीं रिजल्ट 2026 इसी महीने के अंत तक घोषित होने की उम्मीद है.

यूपी बोर्ड रिजल्ट 2026 से जुड़ी हर जानकारी सिर्फ ऑफिशियल वेबसाइट upmsp.edu.in पर चेक करें. इस साल कॉपियों के मूल्यांकन की प्रक्रिया को बेहद पारदर्शी और तेज बनाने के लिए बोर्ड ने मॉडर्न टेक्नोलॉजी का सहारा लिया है. राज्य के विभिन्न केंद्रों पर हजारों शिक्षकों ने दिन-रात एक करके कॉपियां चेक की हैं. यूपी बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है सरकारी रिजल्ट को लेकर फैल रही अफवाहों पर भरोसा न करें और अगर कोई नंबर बढ़ाने की गारंटी दे तो उस पर भी यकीन न करें.

UP Board Result 2026 Date: यूपी बोर्ड रिजल्ट कब जारी होगा?
यूपी बोर्ड ने 10वीं, 12वीं की कॉपियां चेक कर ली हैं. अब बस सरकारी रिजल्ट बनाने की फाइनल प्रक्रिया चल रही है. इसके बाद अंकों को वेबसाइट पर अपलोड करने और टॉपर्स की कॉपियों की दोबारा जांच करने में 10 से 15 दिन का समय लगता है. पिछले कुछ सालों के रुझानों को देखते हुए, यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट 20 अप्रैल से 25 अप्रैल के बीच आने की पूरी उम्मीद है. बोर्ड सचिव जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए यूपी बोर्ड रिजल्ट 2026 डेट और टाइम की जानकारी दे सकते हैं.

क्या यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट एक साथ जारी होगा?

अक्सर स्टूडेंट्स के मन में संशय रहता है कि क्या यूपी बोर्ड 10वीं, 12वीं यानी दोनों क्लासेस के नतीजे अलग-अलग दिन आएंगे? जानकारी के लिए बता दें कि यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के नतीजे एक ही दिन घोषित करता है. हालांकि, सर्वर पर लोड कम करने के लिए समय में थोड़ा अंतर रखा जाता है. उदाहरण के तौर पर, 10वीं का रिजल्ट दोपहर 1:30 बजे आता है तो 12वीं का शाम 3:30-4 बजे के आस-पास वेबसाइट पर लाइव किया जाता है.

पिछले 5 सालों में यूपी बोर्ड रिजल्ट कब-कब जारी हुआ?

यूपी बोर्ड रिजल्ट जारी करने के मामले में काफी अनुशासित है. इसका अंदाजा आपको पिछले कुछ सालों के ट्रेंड से लग जाएगा:
2025: 22 अप्रैल (अनुमानित समय के करीब)
2024: 20 अप्रैल (रिकॉर्ड समय में)
2023: 25 अप्रैल
2022: 18 जून (विधानसभा चुनावों के कारण देरी हुई थी)
2021: 31 जुलाई (कोरोना काल में बिना परीक्षा के प्रमोट किया गया था)
पिछले साल का पास प्रतिशत और परफॉर्मेंस
साल 2024 और 2025 में यूपी बोर्ड ने काफी बेहतर प्रदर्शन किया था. पिछले साल हाईस्कूल में पास होने वाले स्टूडेंट्स का प्रतिशत 89.55% रहा था, जबकि इंटरमीडिएट में 82.60% स्टूडेंट्स सफल हुए थे. दिलचस्प बात है कि उत्तर प्रदेश में लड़कियां लगातार लड़कों को पछाड़ रही हैं. सीतापुर और फतेहपुर जैसे जिलों ने पिछले कुछ वर्षों में सबसे ज्यादा टॉपर्स दिए हैं.

यूपी बोर्ड रिजल्ट 2026 कैसे चेक करें?
यूपी बोर्ड रिजल्ट 2026 चेक करने के लिए आपको भागदौड़ करने की जरूरत नहीं है. बस नीचे लिखे स्टेप्स फॉलो करके ऑनलाइन स्कोरकार्ड देख सकते हैं:
यूपी बोर्ड रिजल्ट 2026 चेक करने के लिए यूपीएमएसपी की ऑफिशियल वेबसाइट upmsp.edu.in या upresults.nic.in पर विजिट करना होगा.
होमपेज पर ‘UP Board High School Result 2026’ या ‘UP Board Inter Result 2026’ के लिंक पर क्लिक करें.
अपना रोल नंबर एंटर करें. किसी गड़बड़ी से बचने के लिए एडमिट कार्ड साथ रखें.
सुरक्षा कोड (Captcha) भरें और ‘Submit’ बटन दबाएं.
इतना करते ही डिजिटल मार्कशीट आपके सामने होगी, इसे भविष्य के लिए सुरक्षित सेव कर लें.