यूपी में बादलों का डेरा, तेज हवाओं संग होगी भयंकर बारिश, लखनऊ से लेकर मथुरा तक IMD ने चेताया यूपी में आज से बारिश का दौर शुरू होने वाला है. मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छाएंगे और प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी. ऐसे में जानिये आपके शहर में कैसा रहने वाला है मौसम?
UP Weather Update: यूपी वालों को अभी ठंड से हल्की राहत ही मिली थी कि मौसम दोबारा बिगड़ने के संकेत दिख रहे हैं. कहा जा रहा है कि आने वाले दिनों में ठंड की एक बार फिर जबरदस्त वापसी होगी. ऐसे में मौसम विभाग ने नया अपडेट जारी कर दिया है.
कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
मौसम विभाग ने आज पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की संभावना जताई है. पूर्वी और मध्य यूपी में बारिश हो सकती है. कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा भी नजर आया.
आज कहां होगी बारिश?
मौसम विभाग का कहना है कि दो नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं, जिसकी वजह से आज मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, हापुड़, बागपत, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा, संभल, बरेली और उसके आस पास के इलाकों में बारिश हो सकती है.
कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का कहना है कि 23 जनवरी को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश होने या बौछारें पड़ने की संभावना है. इस दौरान कहीं-कहीं मेघगर्जन और वज्रपात का भी अलर्ट है. इतना ही नहीं 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी.
शनिवार को कैसा रहेगा मौसम?
24 जनवरी को पूर्वी यूपी में बारिश हो सकती है. इसके साथ ही मेघगर्जन-वज्रपात और तेज झोंकेदार हवाएं चलने का भी अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है. जिसकी रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक रहेगी. इस दौरान पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा.
27 जनवरी तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने 22 से 27 जनवरी तक उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया है. इतना ही नहीं उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी जताई है.
जानिए तापमान का हाल
अब अगर तापमान की बात करें तो अगले 2 दिनों में यूपी में तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने के संकेत नहीं मिले हैं. इसके बाद 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जा सकती है. जबकि, अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे तापमान 2 से 3 डिग्री तक कम होगा. जिसके बाद अगले 24 घंटे में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हो सकता है. इसके बाद दोबारा 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है.
कौन सा जिला सबसे ठंडा?
बुधवार को मुजफ्फरनगर यूपी में सबसे ठंडा जिला रहा. यहां न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. यह सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस कम था. इसके बाद बरेली में 7.4 डिग्री सेल्यिस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. अब अगर अधिकतम तापमान की बात करें तो सबसे ज्यादा अधिक अधिकतम तापमान हमीरपुर में रिकॉर्ड किया गया.