देवबंद में मंच से गरजे सीएम योगी, कहा-‘बंगाल की जीत ने दिखाया आईना’

सहारनपुर। CM Yogi In Deoband News: देवबंद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सरकार की योजनाओं, सुशासन और बंगाल की जीत को लेकर बड़ा संदेश दिया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को सहारनपुर जिले के देवबंद पहुंचे, जहां उन्होंने हजारों करोड़ रुपये की लागत से तैयार और प्रस्तावित विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए और जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों को विस्तार से जनता के सामने रखा।

मुख्यमंत्री ने देवबंद की पावन भूमि का स्मरण करते हुए मां शाकुंभरी सिद्धपीठ और माता त्रिपुरबाला कुंदरी के प्रति श्रद्धा व्यक्त की और सहारनपुर के सभी नागरिकों का अभिनंदन किया। अपने संबाेधन के दौरान उन्होंने बंगाल की जीत, कनेक्टिविटी और कानून व्यवस्था, दंगो और फतवों पर अपने विचार रखे।

विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात
सहारनपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जिले के लिए बड़ी विकास सौगात की घोषणा की। उन्होंने बताया कि सहारनपुर जिले में हजारों करोड़ रुपये की लागत से सैकड़ों विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन से जिले के विकास को नई गति मिलेगी और आम नागरिकों को सुविधाओं का लाभ सीधे मिलेगा।

योजनाओं के लाभार्थियों को मिले प्रमाण-पत्र
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है और पारदर्शिता के साथ उनका संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रदेश सरकार कई योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है।

बंगाल की जीत ने दिया बड़ा संदेश
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता विकास और सुशासन को प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीसरी बार, उत्तराखंड में दूसरी बार और पश्चिम बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद उन लोगों को आईना दिखाने का काम हुआ है, जो समाज को बांटने की राजनीति करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि जनता के बीच सक्रिय रहते हैं, सरकार जनभावनाओं का सम्मान करती है और योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाता है, तो जनता ऐसे शासन को दोबारा अवसर देती है।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं करती और विश्वासघात करती है, तो जनता उसे सत्ता से हटाने में देर नहीं लगाती। चुनाव परिणामों ने इस बात का स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पश्चिम बंगाल के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ सहारनपुर के पार्टी कार्यकर्ताओं को भी हृदय से बधाई और शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि इस जीत ने यह साबित कर दिया है कि यदि जनप्रतिनिधि जनता के बीच सक्रिय रहें, सरकार जनभावनाओं का सम्मान करे, सुशासन के लक्ष्य को पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू करे और बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाए, तो जनता ऐसी सरकार को फिर से सत्ता में लाने में देर नहीं करती।

जनता सत्ता से बाहर करने में देर नहीं लगाती: सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरी ओर जो राजनीतिक दल देश के साथ, भारत की संस्कृति के साथ और राष्ट्रभावना के साथ धोखा करने का प्रयास करते हैं, जनता उन्हें सत्ता से बाहर करने में भी देर नहीं लगाती। हाल के चुनाव परिणाम इस बात का स्पष्ट संकेत हैं।

उन्होंने कहा कि यह परिणाम उन लोगों के लिए भी संदेश है जो जाति के नाम पर समाज को बांटकर सामाजिक ताने-बाने को कमजोर करना चाहते थे और देश को कमजोर करने की कोशिश करते थे। चुनाव परिणाम ऐसे विभाजनकारी प्रयासों के खिलाफ एक आईने की तरह सामने आए हैं।