Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांवों में रोजगार के लिए ठोस पहल की शुरुआत की है. इसके लिए गांव-गांव में चौपाल लगाई जाएगी. इस संबंध में अफसरों को खास निर्देश दिए गए हैं. इन चौपालों में जी राम जी के फायदे बताए जाएंगे. सरकारी कार्यालयों, ग्राम पंचायत भवनों और ग्राम सभा स्थलों पर पोस्टर लगेंगे.
प्रदेश भर में लगेंगी गाँव-गाँव चौपालें
लखनऊ ‘जी राम जी’ के फायदे बताने के लिए गाँव-गाँव चौपाल लगाई जाएंगी. योगी। सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘जी राम जी’ के लाभों को आम लोगों तक पहुँचाने के लिए प्रदेश भर में गाँव-गाँव चौपालें लगाई जाएंगी. इन चौपालों के माध्यम से ग्रामीणों को योजना से जुड़ी पूरी जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग इसका लाभ उठा सकें. बैनर, पोस्टर लगाने के साथ पंफलेट के माध्यम से भी ग्रामीणों को जानकारी दी जाएगी. शुक्रवार को इस आयोजन की प्रदेश में शुरुआत भी कर दी गई है. इसके अलावा सरकारी कार्यालयों, पंचायत भवनों, सामुदायिक केंद्रों और ग्राम सभाओं में पोस्टर, बैनर और वाल पेंटिंग के जरिए भी जानकारी दी जाएगी.
योजनाओं का लाभ पहुंचेगा
अधिकारियों के अनुसार चौपालों में ग्रामीणों को योजना का उद्देश्य, पात्रता, मिलने वाले लाभ, आवेदन की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में सरल भाषा में समझाया जाएगा. इसके साथ ही मौके पर ही लोगों की समस्याएं और शंकाएं सुनी जाएंगी तथा उनका समाधान किया जाएगा. चौपालों में संबंधित विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे. सरकार का मानना है कि सीधे संवाद से न सिर्फ जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि योजनाओं का लाभ सही लोगों तक समय पर पहुंच सकेगा.
हर परिवार तक काम की गारंटी
सरकार का लक्ष्य है कि हर परिवार तक काम की गारंटी पहुंचे और रोजगार की जानकारी गांव-गांव लोगों को चौपाल लगाकर दी जाए. मुख्यमंत्री योगी ने अफसरों को निर्देश दिए हैं कि विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं. इस दिशा में प्रदेश भर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा. मुख्यमंत्री का अधिकारियों को स्पष्ट संदेश है कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब गांव मजबूत होंगे और हर हाथ को काम मिलेगा। इसी सोच के साथ प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि हर जरूरतमंद तक पहुंचें.