यूपी के 1641 शिक्षकों को दिवाली तोहफा, सीएम योगी ने…

संभल: सीएम योगी आदित्यनाथ ने ऑफलाइन ट्रांसफर की मांग कर रहे शिक्षकों को बड़ा तोहफा दिया है. सीएम योगी ने 1641 शिक्षकों के ट्रांसफर का आदेश जारी कर दिया है. शिक्षक लंबे समय से ऑफलाइन ट्रांसफर की मांग रहे थे. दीपावली से पहले सीएम योगी ने उनकी मांगों को हरी झंडी दे दी है.

1641 शिक्षकों को दिया तोहफा
बता दें कि ऑफलाइन ट्रांसफर की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश के सभी जिलों के 1641 शिक्षकों ने माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी के चंदोसी आवास पर कई दिन तक अनशन पर बैठे थे. इसके बाद माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ से मुलाकात कर शिक्षकों के ट्रांसफर किए जाने का अनुरोध किया था. माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी के प्रयास के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर मध्यमिक शिक्षा विभाग ने 1641 शिक्षकों के ट्रांसफर आदेश के साथ ही ट्रांसफर लिस्ट भी जारी कर दी है.

ऑनलाइन ट्रांसफर प्रक्रिया पहले ही हो चुकी थी पूरी
ट्रांसफर की मांग पूरी होने के बाद शिक्षक नेता शुभेंदु शरण त्रिपाठी ने माध्यमिक शिक्षा मंत्री का आभार जताया है. बता दें कि अपर मुख्‍य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने माध्‍यमिक शिक्षा निदेशक को पत्र भेजकर आदेश दिया कि 1641 शिक्षकों के लंबित स्‍थानांतरण अब पूरे किए जाएं. ऑनलाइन ट्रांसफर प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी थी. लेकिन ऑफलाइन ट्रांसफर फंसे हुए थे. अब योगी सरकार ने दिवाली से पहले शिक्षकों को बड़ी राहत देते हुए ऑफलाइन ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी करने का आदेश जारी कर दिया है.