यूपी में घर के अंदर चार लोगों की हत्या, करोड़ों की संपत्ति, किसने मिटा दिया पूरा परिवार

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के साउथ मलाका इलाके में हुए सामूहिक हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. 70 वर्षीय व्यापारी वीरेंद्र वैश्य, उनकी पत्नी, बेटे और बेटी की निर्मम हत्या के बाद से पूरे इलाके में मातम और सन्नाटे का माहौल है. इस भयावह घटना ने स्थानीय लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है. पड़ोसी हिमांशु सोनकर बताते हैं कि वीरेंद्र वैश्य स्वभाव से बेहद मिलनसार थे, लेकिन उनके परिवार के भीतर काफी समय से कलह चल रही थी, जिसे इस घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है. फिलहाल पुलिस की पांच टीमें मामले की गुत्थी सुलझाने में दिन-रात जुटी हुई हैं.

जानें क्या है पूरा मामला ?
जांच के दौरान पुलिस को घर के अंदर से एक गत्ते का टुकड़ा बरामद हुआ है, जिस पर लिखा है “बंटी व बब्ली और बहू ने मारा” इस सुराग ने जांच की दिशा बदल दी है, जिसके बाद पुलिस मृतक के करीबियों, रिश्तेदारों और परिचितों से गहन पूछताछ कर रही है. शुरुआती जांच में पुलिस को सबसे बड़ी वजह करोड़ों की संपत्ति का विवाद लग रहा है. बताया जा रहा है कि संपत्ति को लेकर वीरेंद्र वैश्य की अपने बेटों से अक्सर तनातनी होती रहती थी.

पुलिस की तफ्तीश में वीरेंद्र वैश्य का सबसे छोटा बेटा अश्वनी भी केंद्र में है, जो वर्तमान में धोखाधड़ी के आरोप में कौशांबी जेल में बंद है. जानकारी के अनुसार, अश्वनी की लिव-इन पार्टनर ऋतु अक्सर घर आकर उसे छुड़ाने के लिए रुपयों की मांग करती थी और प्रॉपर्टी में हिस्सा मांगती थी. इस बात को लेकर भी परिवार में अक्सर विवाद होता था. मामले का दूसरा पहलू मृतक बेटे अभिषेक से जुड़ा है. बताया जा रहा है कि अभिषेक का भी कुछ लोगों के साथ पैसों का लेनदेन का पुराना विवाद था. करीब दस दिन पहले ही उसे कुछ लोग उठाकर ले गए थे, जिसे बाद में वीरेंद्र वैश्य के हस्तक्षेप से छुड़ाया गया था. इन तमाम जानकारियों को जोड़कर पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह हत्या सिर्फ पारिवारिक विवाद का नतीजा है या फिर बेटों के बाहरी लेन-देन से जुड़े किसी तीसरे व्यक्ति ने इस सामूहिक नरसंहार को अंजाम दिया है.

इस समय पुलिस सभी संभावित पहलुओं संपत्ति का लालच, पारिवारिक रंजिश और बाहरी लोगों से लेनदेन पर बारीकी से जांच कर रही है. एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब तलाशने में पुलिस की टीम दिन-रात एक कर रही है. पूरे इलाके की निगाहें अब पुलिस की जांच और आगामी खुलासे पर टिकी हैं.