टेक्सटाइल से टेक हब तक.. यूपी में निवेश की बारिश, करोड़ों के प्रोजेक्ट पाइपलाइन में

UP Govt Latest News: उत्तर प्रदेश अब सिर्फ देश का सबसे बड़ा राज्य नहीं रहा बल्कि निवेश और औद्योगिक विकास का नया केंद्र बन गया है. सीएम योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच और इन्वेस्ट यूपी (Invest UP) के निरंतर प्रयासों ने प्रदेश को निवेशकों के लिए सबसे आकर्षक गंतव्य बना दिया है. सीएम के निर्देश पर बनाई गई ‘फोकस सेक्टर डेस्क’ (Focus Sector Desk) इस सफलता की सबसे बड़ी कड़ी साबित हुई है. इस पहल ने न केवल निवेश प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाया है बल्कि वैश्विक निवेशकों के बीच उत्तर प्रदेश की छवि को एक भरोसेमंद बिजनेस डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित किया है.

करोड़ों के निवेश पाइपलाइन में

इन्वेस्ट यूपी की फोकस सेक्टर डेस्क के जरिये अब प्रदेश में करोड़ों रुपये के निवेश प्रस्ताव पाइपलाइन में हैं. सीएम योगी की निगरानी में बनाई गई इस व्यवस्था ने निवेश प्रक्रिया में तेजी लाई है. टेक्सटाइल, ऑटोमोबाइल, केमिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) जैसे प्रमुख सेक्टर्स में बड़े निवेश प्रस्ताव मंजूरी के दौर में हैं और जल्द ही जमीन पर उतरने वाले हैं. यह कदम “विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत” के विजन को साकार करने की दिशा में ठोस आधार तैयार कर रहा है.

टेक्सटाइल सेक्टर में बढ़ रही वैश्विक कंपनियों की दिलचस्पी

फोकस सेक्टर डेस्क की मदद से टेक्सटाइल और अपैरल सेक्टर में उत्तर प्रदेश का नाम तेजी से उभर रहा है. ITTA, AEPC, CII, CITI और NITRA जैसी संस्थाओं के साथ साझेदारी के तहत ग्रासिम, ट्राइडेंट, रिलायंस, जीईएसएल और श्याम संस जैसी बड़ी कंपनियां प्रदेश में निवेश करने जा रही हैं. इन प्रोजेक्ट्स के शुरू होने से हजारों युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और यूपी वस्त्र उद्योग का नया केंद्र बन जाएगा.

ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में नई उड़ान

सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM), ACMA, SMEV और ARAI जैसी संस्थाओं के सहयोग से यूपी में ऑटोमोबाइल सेक्टर को नई रफ्तार मिल रही है. अशोक लेलैंड, मिंडा इंडस्ट्रीज और टाटा मोटर्स जैसी दिग्गज कंपनियां राज्य में विस्तार परियोजनाओं पर काम कर रही हैं. यह पहल प्रदेश को इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और ऑटोमोटिव मैन्युफैक्चरिंग का मजबूत हब बनाने की दिशा में अग्रसर है.

केमिकल इंडस्ट्री में बढ़ा औद्योगिक आकर्षण

केमिकल सेक्टर में भी यूपी निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है. इंडियन केमिकल काउंसिल (ICC), ISCM Association और CHEMEXCIL के साथ साझेदारी में रिलायंस इंडस्ट्रीज और दीपक नाइट्राइट जैसी कंपनियां प्रदेश में नए औद्योगिक प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं. इन प्रोजेक्ट्स से राज्य में रोजगार के साथ-साथ निर्यात क्षमता भी बढ़ेगी.

इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में उत्तर प्रदेश बना टेक हब

ICEA, ELCINA, AIEA और IEEMA जैसी संस्थाओं के सहयोग से यूपी में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में तेज़ी आई है. डिक्सन, एम्बर, एचसीएल-फॉक्सकॉन, हायर और एलजी जैसी नामी कंपनियों ने यहां निवेश प्रस्ताव दिए हैं. इन प्रोजेक्ट्स से यूपी भारत का अगला “टेक मैन्युफैक्चरिंग हब” बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है.

ग्लोबल कंपनियों के GCC से जुड़ रहा उत्तर प्रदेश

नैसकॉम (NASSCOM) के सहयोग से वैश्विक कंपनियां उत्तर प्रदेश में अपने ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCCs) स्थापित करने की दिशा में काम कर रही हैं. एडोब, एएमडी और जेपी मॉर्गन जैसी दिग्गज कंपनियों ने राज्य में सेंटर खोलने की योजना बनाई है. इन केंद्रों से हाई-टेक स्किल डेवलपमेंट और अंतरराष्ट्रीय रोजगार अवसरों को बल मिलेगा.

फोकस सेक्टर डेस्क बनी यूपी की आर्थिक रीढ़

फोकस सेक्टर डेस्क ने उत्तर प्रदेश में निवेश को सिर्फ बढ़ाया नहीं, बल्कि इसे “सिस्टमेटिक और सस्टेनेबल ग्रोथ मॉडल” में बदला है. इस मॉडल से न केवल निवेश प्रक्रिया आसान हुई है, बल्कि उद्योगों को जमीन, नीति और अनुमति जैसी जरूरी सुविधाएं भी समय पर मिल रही हैं. यह पहल अब देश के अन्य राज्यों के लिए एक मॉडल बन रही है.