यूपी के बिजली उपभोक्ताओं के लिए गुड न्यूज, वसूली जा चुकी ये रकम होगी वापस

UP Electricity News: नया कनेक्शन देते समय स्मार्ट मीटर के दामों की हुई अतिरिक्त वसूली की रकम का समायोजन अगले महीने शुरू हो जाएगा। राज्य विद्युत नियामक आयोग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। कंपनियों को रकम का समायोजन 31 जुलाई तक करना होगा। बिजली कंपनियों को करीब 127 करोड़ रुपये वापस करने होंगे। आयोग ने इस पर अमल की रिपोर्ट 11 अगस्त को तलब किया है।

बीते साल 10 सितंबर से यूपी में नए बिजली कनेक्शन स्मार्ट प्रीपेड मीटर के साथ दिए जा रहे हैं। जब आदेश हुए तो स्मार्ट प्रीपेड मीटर के दाम तय नहीं थे और पावर कार्पोरेशन उपभोक्ताओं से सिंगल फेज मीटर के लिए 6016 रुपये और थ्री फेज 11,341 रुपये वसूले। आयोग ने 31 दिसंबर को नई कॉस्ट डेटा बुक को मंजूरी देते हुए स्मार्ट मीटरों के दाम तय किए। सिंगल फेज मीटर के दाम 2800 और थ्री फेज के 4100 रुपये मंजूर किए गए। तय दामों के अंतर के बराबर हुई वसूली की रकम का समायोजन संबंधित उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में करने के आदेश दिए गए हैं। समायोजन की शुरुआत अप्रैल से होगी।

3.53 लाख उपभोक्ताओं को वापसी
10 सितंबर से 31 दिसंबर 2025 तक बिजली कंपनियों ने 3,53,357 उपभोक्ताओं को नए कनेक्शन जारी किए। इनके लिए आयोग का यह आदेश प्रभावी होगा। इनमें से 90 प्रतिशत कनेक्शन सिंगल फेज स्मार्ट मीटर के साथ थे। ऐसे में अतिरिक्त वसूली की रकम का अनुमान 127 करोड़ रुपये लगाया जा रहा है।

पहले भी वसूली गई रकम होगी वापस
आयोग से दाम तय हुए बिना उपभोक्ताओं से हो रही वसूली पर राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने नियामक आयोग में अवमानना याचिका दाखिल की थी। उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि आर्थिक शोषण झेलने वाले उपभोक्ताओं के साथ न्याय हुआ है।

इतनी ज्यादा हुई वसूली
मीटर का प्रकार इतनी वसूला गया दाम तय हुए अंतर

सिंगल फेज दो वॉट स्मार्ट मीटर 6016 रुपये 2800 3216

थ्री फेज चार वॉट स्मार्ट मीटर 11341 4100 7241