UP Lekhpal Exam Date: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की तरफ से लेखपाल भर्ती परीक्षा की तारीख का ऐलान कर दिया गया है. लेखपाल के 7996 पदों के लिए होने वाली इस भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा 21 मई 2026 को होगी. परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से लेकर 12 बजे तक है. आयोग की तरफ से कुल 3.66 लाख अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चुना गया है. यानी इस बार परीक्षा में कॉम्पिटिशन काफी ज्यादा टफ है.
कैसे हुआ अभ्यर्थियों का चयन?
जिन 3.66 लाख अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है, उनका चयन प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के स्कोर पर किया गया है. पीईटी के बाद से ही उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा की तारीख का बेसब्री से इंतजार था.
किसके लिए कितने पद?
अनारक्षित (General): 3205 पद
ओबीसी (OBC): 2158 पद
ईडब्ल्यूएस (EWS): 792 पद
अनुसूचित जाति (SC): 1679 पद
अनुसूचित जनजाति (ST): 160 पद
परीक्षा पैटर्न और सिलेबस
इस बार आयोग ने सिलेबस में कुछ बदलाव किए हैं. मैथ्स (गणित) हटा दिया गया है, हालांकि, डाटा इंटरप्रिटेशन (DI) को शामिल रखा गया है, जिससे 10 अंकों के 10 सवाल आएंगे. अब सिलेबस में कंप्यूटर/आईटी (15 अंक) और उत्तर प्रदेश का सामान्य ज्ञान (20 अंक) शामिल किया गया है. इसके अलावा हिंदी का भार कम किया गया है. पहले हिंदी 25 अंकों की होती थी, जिसे अब घटाकर 10 अंक कर दिया गया है. इसके अलावा ग्राम्य समाज का वेटेज भी कम कर दिया गया है, अब इससे केवल 5 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे.
चयन पूरी तरह से लिखित परीक्षा की मेरिट पर आधारित होगा. परीक्षा में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs) होंगे और नेगेटिव मार्किंग भी होगी. परीक्षा में गलत उत्तर देने पर अंक काटे जाएंगे. मेरिट लिस्ट तैयार करने के लिए नॉर्मलाइजेशन फार्मूला अपनाया जाएगा. अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर परीक्षा से संबंधित जानकारी ले सकते हैं.