यूपी में भीषण हादसाः निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज गिरा…कई मजदूर दबे

फिरोजाबाद के टूंडला में दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) बृहस्पतिवार रात ढह गया। हादसे के समय काम कर रहे कई श्रमिक मलबे में दब गए। आनन-फानन रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर पांच को मलबे से घायल अवस्था में निकालकर अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हादसे के समय 16 श्रमिक काम कर रहे थे। देर रात तक अन्य की तलाश जारी थी। मौके पर रेस्क्यू टीम, डीएम रमेश रंजन, एसएसपी सौरभ दीक्षित, रेलवे के अधिकारी देर पहुंच गए थे। जनहानि की कोई पुष्टि नहीं की गई।

लाइनपार क्षेत्र को टूंडला शहर के मुख्य भाग से जोड़ने के लिए यह ओवरब्रिज रेलवे रेस्ट कैंप कॉलोनी से लेकर लाइनपार अहाता शोभाराम तक बनाया जा रहा है। हादसा रात करीब 9 बजे हुआ। आरओबी का ढहा हुआ स्लैब बृहस्पतिवार को ही नाले के किनारे बने पिलर पर डाला गया था। आशंका है कि शटरिंग में गड़बड़ी के चलते हादसा हुआ। हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।

घटना के बाद पुल निर्माण कार्य का ठेकेदार मौके से फरार हो गया है। अंधेरा होने के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में बाधा आई लेकिन मलबे को हटाने का काम लगातार जारी रहा। साइट चौकीदार सतेंद्र के अनुसार हादसे के वक्त कुल 16 मजदूर काम कर रहे थे। मलबे में दबे पांच मजदूरों को निकालकर तुरंत अस्पताल भेज दिया गया। बाकी मजदूरों की तलाश में रेस्क्यू कार्य जारी रहा।

पुल गिरने से आसपास दहशत
ओवरब्रिज के गिरने का हादसा इतना भीषण था कि तेज धमाके ने न सिर्फ मजदूरों को चपेट में लिया बल्कि आसपास के रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोग भी सहम गए। बताया जा रहा है कि स्लैब ढहने के बाद जोरदार धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनी गई। पुल के पास ही रेलवे कॉलोनी भी स्थित है, जहां पर बड़ी संख्या में रेलवे कर्मी अपने परिवारों के साथ रहते हैं। अचानक हुए इस तेज शोर और कंपन से कॉलोनी में भी दहशत फैल गई। रेलवे कर्मी तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए और मौके की ओर भागे, जिसके बाद उन्हें हादसे की गंभीरता का पता चला। रात के अंधेरे में भी लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे रेस्क्यू टीमों को शुरू में थोड़ी कठिनाई भी हुई।

आगरा और फिरोजाबाद जिले को जोड़ता है आरओबी
यह फ्लाईओवर लाइनपार क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण था। इसके पूरा होने पर आगरा के फतेहाबाद कस्बा के साथ ही लाइनपार के 50 से अधिक गांव मुख्य शहर से सीधे जुड़ जाते, जिससे लाखों लोगों को लाभ मिलता। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों की संख्या और पहचान के बारे में अधिकारियों के स्तर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। जेसीबी से मलबा हटाने और उसमें मजदूरों की तलाश का काम जारी है।

लाइनपार जाने का मार्ग बाधित, रूट डायवर्ट
ओवरब्रिज का स्लैब गिरने से लाइनपार क्षेत्र को शहर से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया है। इस अवरोध के चलते प्रशासन को तत्काल यातायात व्यवस्था में बदलाव करना पड़ा है। दीपा के चौराहे से रूट डायवर्ट कर दिया गया है। लाइनपार की ओर जाने वाले वाहनों और पैदल राहगीरों को अब दीपा के चौराहे से अंडर पास होते हुए गुजारा जा रहा है।

डीएम रमेश रंजन ने बताया कि निर्माणाधीन ओवरब्रिज गिरा है। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जनहानि के संबंध में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। रेलवे की टीम इस हादसे की जांच कर रही है।