Gold Bearing Rivers of UP : देश में क्षेत्रफल के मामले में चौथे नंबर का राज्य उत्तर प्रदेश अपनी उपजाऊ धरती और विशाल नदियों के लिए जाना जाता है. लेकिन बहुत ही कम लोग जानते होंगे कि यूपी में कुछ नदियां ऐसी भी हैं जिनमें सोना मिलता है. इसलिए इन्हें ‘सोने की खान’ कहा जाता है.
यूपी की किन नदियों में सोने जैसी धातु और खनिज!
शारदा और रामगंगा के रेतीले किनारों से लेकर सोन नदी की घाटियों तक, यूपी की नदियों में सोने से लेकर चूना पत्थर और सिलिका तक कई महत्वपूर्ण खनिज पाए जाते हैं.
यूपी की नदियां खनिजों का भंडार!
यूपी की किन नदियों में सोना मिलता है, इससे पहले आपको बता दें कि प्रदेश में ऐसी भी कई नदियां है जो खनिजों का भंडार हैं. पूर्वी यूपी की सोन नदी न सिर्फ अपने जल प्रवाह के लिए बल्कि खनिज संपदा के लिए भी जानी जाती है. सोनभद्र जिले में इस नदी के किनारों पर सीमेंट उद्योग के लिए उपयुक्त विशाल चूना पत्थर के भंडार मौजूद हैं. यही कारण है कि सोनभद्र आज प्रदेश का प्रमुख सीमेंट उत्पादन केंद्र बन चुका है.
सिलिका सैंड का यूपी के कांच उद्योग में बड़ा योगदान
इलाहाबाद, बांदा और अलीगढ़ जैसे जिलों से होकर बहने वाली नदियों की तलहटी में उच्च गुणवत्ता की सिलिका सैंड पाई जाती है. यह रेत कांच, शीशा और विशेष औद्योगिक उत्पादों के निर्माण में व्यापक रूप से उपयोग की जाती है.
यूपी की किन नदियों में मिलता है सोना
प्रदेश के तराई क्षेत्र से बहने वाली शारदा और रामगंगा नदियों को विशेषज्ञ लंबे समय से “गोल्ड बेयरिंग रिवर्स” मानते आए हैं. इन नदियों की रेत में थोड़ी मात्रा में सोना पाया जाता है, जिसकी पुष्टि कई भूगर्भीय अध्ययनों में हो चुकी है. सोनभद्र, ललितपुर और बेरवार क्षेत्रों में भी सोने के कणों की मौजूदगी दर्ज की गई है.
इंडो-गंगेटिक प्लेन – निर्माण सामग्री का विशाल स्रोत
गंगा–यमुना के मैदानों से गुजरने वाली नदियां बड़ी मात्रा में बोल्डर, गिट्टी, बजरी और रेत लाती हैं. ये निर्माण उद्योग की रीढ़ मानी जाती हैं और सड़क, पुल, मकान निर्माण में बड़े पैमाने पर उपयोग होती हैं.
यूपी के अन्य महत्वपूर्ण खनिज भंडार
केवल नदियां ही नहीं, उत्तर प्रदेश के बड़े इलाके में खनिज संपदा का भंडार है. – कोयला:सोनभद्र के सिंगरौली कोलफील्ड में पाया जाता है. – डायस्पोर व पाइरोफिलाइट- हमीरपुर, झांसी और ललितपुर में मिलता है. – ललितपुर – यूरेनियम और आयरन (लौह अयस्क) के भंडार के लिए भी जाना जाता है – एंडालुसाइट मिर्जापुर में पाया जाता है. – बांदा, वाराणसी और ललितपुर बॉक्साइट के भंडार के लिए जाने जाते हैं. – ग्रेनाइट- बांदा, महोबा और हमीरपुर में मिलता है.
नदियां बनाएंगी यूपी को खनिजों की महाशक्ति!
यूपी की धरती और नदियां मिलकर प्रदेश को खनिजों का महाशक्ति केंद्र बनाती हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में इन संसाधनों का वैज्ञानिक उपयोग उत्तर प्रदेश को औद्योगिक रूप से और मजबूत करेगा.
भारत में कुल खनिजों का भंडार
भारतीय खनिज वर्षपुस्तक 2020 के अनुसार, भारत के 78% एंडालुसाइट, 37% डायस्पोर, 17% सिलिमेनाइट और 10% पाइरोफिलाइट भंडार अकेले उत्तर प्रदेश में मौजूद हैं.